दमोह में बड़ा खुलासा: बिना एक्सप्लोसिव लाइसेंस चल रहे थे 33 पेट्रोल पंप, 4 सील..

Spread the love

दमोह में बड़ा खुलासा: बिना एक्सप्लोसिव लाइसेंस चल रहे थे 33 पेट्रोल पंप, 4 सील..

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर जांच, एक पंप से 4100 लीटर अतिरिक्त डीजल जब्त; ऑयल कंपनियों और जिम्मेदार अधिकारियों को भी नोटिस..

दमोह। जिले में पेट्रोल पंपों के संचालन को लेकर हुई प्रशासनिक जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर अधिकारियों की संयुक्त टीम ने जिले के पेट्रोल पंपों का आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आया कि 33 पेट्रोल पंप बिना वैध एक्सप्लोसिव लाइसेंस के संचालित हो रहे थे। इनमें से 4 पेट्रोल पंपों पर लाइसेंस नहीं मिलने के कारण उन्हें तत्काल सील कर दिया गया।


कलेक्टर ने बताया कि कई पेट्रोल पंपों के एक्सप्लोसिव लाइसेंस वर्ष 2023 में ही समाप्त हो चुके थे, लेकिन संचालकों ने न तो उनका नवीनीकरण कराया और न ही नया आवेदन किया। इसके बावजूद पेट्रोलियम पदार्थों का भंडारण और विक्रय जारी रखा गया, जो आमजन की सुरक्षा और जान-माल के लिए गंभीर खतरा है।


जांच के दौरान दो पेट्रोल पंपों पर मात्रा संबंधी अनियमितताएं भी सामने आईं। इनमें से एक पेट्रोल पंप पर 4100 लीटर अतिरिक्त डीजल पाया गया, जिसे जब्त कर राजसात करने की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित ऑयल कंपनी को भी इस संबंध में पत्र भेजा गया है।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि बिना वैध लाइसेंस पेट्रोल पंपों का संचालन केवल नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है। इस मामले में संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। साथ ही ऑयल कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा जा रहा है, क्योंकि बिना वैध लाइसेंस के भी पेट्रोल पंपों को ईंधन की आपूर्ति की जा रही थी।


उन्होंने यह भी कहा कि जिन अधिकारियों की जिम्मेदारी समय-समय पर निरीक्षण करने और निगरानी रखने की थी, उनकी भूमिका की भी जांच की जाएगी। यदि लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।


कलेक्टर के अनुसार, दमोह में हुई कार्रवाई के बाद ऑयल कंपनियों के क्षेत्रीय अधिकारियों ने पूरे प्रदेश में एक्सप्लोसिव लाइसेंसों की समीक्षा शुरू कर दी है। उनकी जानकारी के अनुसार, दमोह के सभी संबंधित पेट्रोल पंपों के लाइसेंस नवीनीकरण के लिए आवेदन करा दिए गए हैं और अब प्रदेशभर में भी इस दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

About The Author