डायल-112 से टक्कर का आरोप: बाइक सवार दंपती घायल, पुलिस अधिकारियों से नहीं हो सका संपर्क
घायलों का आरोप- पुलिस वाहन ने पीछे से मारी टक्कर और चला गया; थाना प्रभारी व एसपी से पक्ष लेने का प्रयास रहा असफल
दमोह। जिले के मडियादो थाना क्षेत्र में डायल-112 वाहन से सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। बाइक सवार दंपती ने आरोप लगाया है कि मडियादो थाना में तैनात डायल-112 वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। घटना के बाद राहगीरों की मदद से दोनों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल हटा पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा मडियादो थाना क्षेत्र के कलकुआ मार्ग पर बड़े धवा के पास हुआ। घायल विशाल आदिवासी और उनकी पत्नी सुभद्राबाई आदिवासी घोघरा गांव से मडियादो बाजार जा रहे थे। घायलों का कहना है कि इसी दौरान पीछे से आए डायल-112 वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। उनका आरोप है कि दुर्घटना के बाद संबंधित वाहन मौके से चला गया।
घायलों के अनुसार, हादसे के बाद दोनों कुछ समय तक सड़क किनारे पड़े रहे। बाद में वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उनकी मदद की और डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सिविल अस्पताल हटा ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
घायलों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मडियादो थाना पुलिस को भी दे दी गई है और पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।
पुलिस का पक्ष नहीं मिल सका
मामले में पुलिस का पक्ष जानने के लिए मडियादो थाना प्रभारी प्रीति पांडे से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया अवकाश पर होने के कारण पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी से भी फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन उनसे भी बात नहीं हो सकी। पुलिस अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


More Stories
त्योहारों की सुरक्षा को लेकर सड़क पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, जुलूस मार्ग से विसर्जन स्थल तक किया निरीक्षण..
कुसमी मानगढ़ में आदिवासी जमीन का मुद्दा गरमाया, कांग्रेस ने SDM को सौंपा ज्ञापन..
त्योहारों से पहले दमोह पुलिस अलर्ट, गुंडा-बदमाशों की कराई परेड, लाल नोटिस देकर दी कड़ी चेतावनी..