महिला एवं बाल विकास विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, डिप्टी कलेक्टर रचना प्रजापति को जिला कार्यक्रम अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार
कार्यप्रणाली असंतोषजनक पाए जाने पर पूर्व प्रभारी से वापस लिया गया अतिरिक्त प्रभार, तत्काल प्रभाव से लागू हुए आदेश
दमोह। जिले के महिला एवं बाल विकास विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभागीय कार्यों की समीक्षा के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया गया है। अब डिप्टी कलेक्टर रचना प्रजापति को अगले आदेश तक जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार रचना प्रजापति अपने डिप्टी कलेक्टर के दायित्वों के साथ-साथ महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी का कार्यभार भी संभालेंगी। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार विभागीय योजनाओं और कार्यों की समीक्षा के दौरान पूर्व प्रभारी अधिकारी की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके बाद उनका अतिरिक्त प्रभार वापस लेने का निर्णय लिया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन, पोषण आहार वितरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित महिलाओं एवं बच्चों से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जाता है। ऐसे में नए प्रभारी अधिकारी से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बेहतर निगरानी और समय पर हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने की अपेक्षा जताई जा रही है।
प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से विभागीय कार्यों में गति आएगी और योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही और अधिक मजबूत होगी।


More Stories
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..
जन्मदिन की पार्टी नहीं देने पर अधिवक्ता को भेजा रजिस्टर्ड नोटिस, 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग..
गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया मैंगनीज से भरा ट्रक, ड्राइवर के पैर फंसे..