मड़ियादो पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बोलेरो से 162 लीटर अवैध देशी मसाला शराब जब्त..

Spread the love


मड़ियादो पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बोलेरो से 162 लीटर अवैध देशी मसाला शराब जब्त

तिंदनी तिगड्डा पर घेराबंदी कर बोलेरो पकड़ी, पन्ना जिले के तीन आरोपी गिरफ्तार


दमोह। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मड़ियादो थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन से 162 लीटर अवैध देशी मसाला शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।


पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी हटा कृष्णपाल सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम वर्धा की ओर से एक बोलेरो वाहन में अवैध शराब भरकर मड़ियादो लाई जा रही है।


सूचना के आधार पर थाना प्रभारी प्रीति पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मेन रोड तिंदनी तिगड्डा पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद बोलेरो वाहन क्रमांक MP-39-C-2154 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार तीन लोगों के कब्जे से 15 कार्टून में रखी 162 लीटर देशी मसाला शराब बरामद हुई। आरोपियों से शराब के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।


पुलिस ने करीब 95 हजार 400 रुपये मूल्य की अवैध शराब और परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन जब्त कर लिया। इस मामले में थाना मड़ियादो में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशाराम पटैल (45 वर्ष), बृजेश पटैल (35 वर्ष) और केतार वर्मन (30 वर्ष) निवासी ग्राम कोल करहिया, थाना सिमरिया, जिला पन्ना के रूप में हुई है।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रीति पाण्डेय, उपनिरीक्षक सरदार सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

About The Author