तेंदूखेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 135 बल्क लीटर अवैध शराब और आई-20 कार जब्त..

Spread the love


तेंदूखेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 135 बल्क लीटर अवैध शराब और आई-20 कार जब्त


पुलिस को देख झाड़ियों में शराब के कार्टून छोड़कर फरार हुए तस्कर, अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी

दमोह। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तेंदूखेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 135 बल्क लीटर अवैध देशी लाल मसाला शराब और परिवहन में प्रयुक्त एक आई-20 कार जब्त की है। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी तेंदूखेड़ा अर्चना अहीर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की आई-20 कार, जिसकी नंबर प्लेट पर “BOSS” लिखा हुआ है, से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भटरिया-खकरिया मार्ग पर घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर आरोपी ग्राम खकरिया के पास झाड़ियों में शराब के कार्टून छिपाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने साक्षियों की मौजूदगी में तलाशी एवं वीडियोग्राफी कर झाड़ियों से 15 कार्टून में रखे 750 पाव (135 बल्क लीटर) देशी लाल मसाला शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये बताई गई है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त आई-20 कार (क्रमांक MP20CG1843) भी बरामद कर ली। वाहन की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सरोज ठाकुर, प्रधान आरक्षक केवल प्रधान, ब्रजेश तिवारी, रविचंद सेन, आरक्षक विशाल बैन, नंदलाल कुर्मी, शैलेन्द्र बघेल, रणधीर दांगी तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक राकेश अठ्या की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

About The Author