अधिवक्ता संघ अध्यक्ष मुकेश पांडे का सर्व ब्राह्मण समाज ने किया भव्य सम्मान..

Spread the love

अध्यक्ष मुकेश पांडे का सर्व ब्राह्मण समाज ने किया भव्य सम्मान, शिव-पार्वती मंदिर में हुआ अभिनंदन समारोह..


दमोह। जिला अधिवक्ता संघ के हाल ही में संपन्न हुए चुनाव में अधिवक्ता मुकेश पांडे के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर सर्व ब्राह्मण समाज, दमोह द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। सिविल वार्ड स्थित शिव-पार्वती मंदिर परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों और बड़ी संख्या में विप्र बंधुओं ने भाग लेकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव-पार्वती के पूजन-अर्चन से हुई। इसके बाद मुकेश पांडे का पुष्पमालाओं से स्वागत कर शॉल एवं सम्मान चिन्ह भेंट किए गए। समारोह में उपस्थित लोगों ने उनके अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बनने को न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि बल्कि पूरे ब्राह्मण समाज के लिए गौरव का विषय बताया।


वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि मुकेश पांडे कम उम्र में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बनने वाले अधिवक्ताओं में शामिल हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में अधिवक्ता संघ नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और अधिवक्ताओं के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा होगी।


इस अवसर पर अधिवक्ता मनीष नगाइच ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि पूरे चुनाव में लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन हुआ और सभी अधिवक्ताओं ने गरिमा एवं सौहार्द बनाए रखा। उन्होंने सम्मान समारोह आयोजित करने के लिए सर्व ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।


मुकेश पांडे बोले— अधिवक्ता संघ का चुनाव परिवार जैसा होता है
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुकेश पांडे ने कहा कि अधिवक्ता संघ का चुनाव किसी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा की तरह नहीं बल्कि एक परिवार के चुनाव की तरह होता है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव पूरी शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें सभी साथियों का भरपूर सहयोग मिला।


उन्होंने सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज का यह स्नेह और विश्वास उन्हें भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।


548 मत पड़े, 4 वोटों से दर्ज की जीत


जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल 548 मत पड़े। चुनाव में मुकेश पांडे को 261 मत प्राप्त हुए और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 4 मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उनकी इस जीत के बाद अधिवक्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया।


बड़ी संख्या में समाजजन रहे मौजूद


सिविल वार्ड क्रमांक-4 स्थित शिव-पार्वती मंदिर में आयोजित सम्मान समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुकेश पांडे के अलावा गोपाल बैरागी, मोनू पाठक, मंदिर पुजारी ठाकुर बाबा, बी.एम. दुबे, अशोक स्वामी, वरिष्ठ पत्रकार संजय सरवरिया, अधिवक्ता मनीष नगाइच, वेद दुबे, मंडल अध्यक्ष रमाकांत बाजपेई, अनिल बैरागी, अंबर मिश्रा, शांतनु मिश्रा, तरुण सिरौठिया, मयंक देवलिया, अतुल शर्मा, सतीश त्रिपाठी, छोटू दुबे, स्वनिल पियाशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एल.एन. वैष्णव, स्वतंत्र गौतम, अध्यक्ष अजय गर्ग सहित सर्व ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ एवं युवा सदस्यों ने भी भाग लिया और नवनिर्वाचित अध्यक्ष को उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां समाज के लोगों ने एकजुट होकर मुकेश पांडे की जीत का उत्सव मनाया।

About The Author