हटा पुलिस की कार्रवाई, 1.618 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार..

Spread the love

हटा पुलिस की कार्रवाई, 1.618 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर हारट पुल के पास दबिश, 32 हजार रुपये का मादक पदार्थ जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

दमोह। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हटा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 किलो 618 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 32 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में हटा थाना पुलिस को 14 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पीले-काले रंग का बैग लेकर लालटेक से हारट की ओर पैदल जा रहा है और उसके पास अवैध गांजा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम स्वतंत्र साक्षियों के साथ हारट पुल पहुंची, जहां मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम देवेन्द्र पिता धनीराम काछी (38 वर्ष), निवासी ग्राम हारट बताया।

तलाशी के दौरान उसके बैग से खाकी टेप से लिपटे चार पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर उनमें कुल 1 किलो 618 ग्राम गांजा मिला। आरोपी से गांजा रखने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए करीब 32 हजार रुपये कीमत का गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सिलाश कुमार, प्रधान आरक्षक तुलसीराम, प्रधान आरक्षक अनिल, आरक्षक संजय, पवन एवं अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

About The Author