हटा में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल ने रस्सी खींचकर किया शुभारंभ
देव बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर नगरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना, ब्रह्मकुमारी आश्रम भी पहुंचे मंत्री
दमोह/हटा। मध्य प्रदेश सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल गुरुवार दोपहर हटा पहुंचे, जहां उन्होंने देव बालाजी मंदिर में भगवान बालाजी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलराम की विधिवत पूजा एवं आरती कर भव्य रथयात्रा में शामिल हुए।
गाजे-बाजों और जयघोष के बीच देव बालाजी मंदिर से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा नगर भ्रमण के लिए निकली। इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल ने भगवान जगन्नाथ स्वामी के रथ की रस्सी खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया और नगरवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंत्री श्री पटेल ने संतों का आशीर्वाद भी लिया। कार्यक्रम में देव बालाजी मंदिर के महंत हरिराम दास जी महाराज, रामगोपाल मंदिर के महंत श्यामदास जी महाराज, रथयात्रा आयोजन समिति के सदस्य एवं अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रथयात्रा के बाद मंत्री प्रह्लाद पटेल प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने ब्रह्मा बाबा का स्मरण एवं ध्यान किया। ब्रह्माकुमारी सुश्री मीरा बहन ने उनका स्वागत करते हुए आश्रम में संचालित आध्यात्मिक एवं धार्मिक गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसडीओपी कृष्णपाल सिंह एवं थाना प्रभारी सुधीर बेगी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।


More Stories
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..
जन्मदिन की पार्टी नहीं देने पर अधिवक्ता को भेजा रजिस्टर्ड नोटिस, 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग..
गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया मैंगनीज से भरा ट्रक, ड्राइवर के पैर फंसे..