आज नगर भ्रमण पर निकलेंगे जगत के नाथ, शाम 5 बजे पुराना थाना से निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा
15 दिन के अनासर काल के बाद भक्तों को देंगे दर्शन, जगदीश स्वामी मंदिर में तैयारियां पूरी; सेवा समिति ने की अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
दमोह। प्राचीन श्री जगदीश स्वामी मंदिर, पुराना थाना (पुरैना तालाब) से भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की वार्षिक भव्य रथयात्रा शुक्रवार शाम 5 बजे नगर भ्रमण के लिए निकलेगी। मंदिर परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं में रथयात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान जगन्नाथ 15 दिनों के अनासर (विश्राम) काल के बाद अपने भक्तों को दर्शन देते हैं। इस वर्ष गुप्त नवरात्रि एवं रवि योग के शुभ संयोग में भगवान अपने भक्तों के बीच नगर भ्रमण पर निकलेंगे। रथयात्रा आस्था, समरसता और सामाजिक एकता का प्रतीक मानी जाती है।
मंदिर के पुजारी पंडित नर्मदा प्रसाद गर्ग ने बताया कि सुबह 8 बजे से भगवान का विधिवत अभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद शाम 5 बजे सुसज्जित रथ में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा नगर भ्रमण के लिए रवाना होंगे।
रथयात्रा श्री जगदीश स्वामी मंदिर (पुराना थाना) से प्रारंभ होकर टॉकीज चौराहा, बकौली चौक, हनुमानगढ़ी मंदिर, घंटाघर, उमा मिस्त्री तलैया, महाकाली चौराहा, सिटी नल सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः पुराना थाना स्थित मौसी घर पहुंचेगी। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान के रथ का स्वागत किया जाएगा।
रथयात्रा से एक दिन पूर्व परंपरा के अनुसार सुबह 11 बजे से रात्रि 11 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
जगन्नाथ सेवा समिति एवं श्री प्यासी मंदिर ट्रस्ट कमेटी ने नगरवासियों, माताओं-बहनों और सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में रथयात्रा में शामिल होकर भगवान के रथ को खींचने तथा धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है। समिति का कहना है कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और सर्वधर्म सद्भाव का भी प्रतीक है।


More Stories
छतरपुर गोलीकांड में आरोपी की गिरफ्तारी पर उठे सवाल, पुलिस की कार्यशैली पर चर्चा तेज..
हटा में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल ने रस्सी खींचकर किया शुभारंभ..
दमोह में देर रात खूनी विवाद, दो युवक गंभीर घायल; एक को किया गया रेफर..