पुरानी रंजिश में दो युवकों पर चाकू-कटर से हमला, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल..

Spread the love


पुरानी रंजिश में दो युवकों पर चाकू-कटर से हमला, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल


दमोह। दमोह देहात थाना क्षेत्र के राजनगर में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर चाकू और कटर से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार बजरिया वार्ड क्रमांक-5 सुल्तानी मोहल्ला निवासी अमजद खान (30) और शरीफ खान (28) पर आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला किया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पुरानी रंजिश के चलते मोनू रैकवार, मनीष रैकवार, शिवम ठाकुर और अमन ठाकुर ने पहले अमजद खान को राजनगर बुलाया। वहां उसके साथ मारपीट की गई और दबाव बनाकर उससे शरीफ खान को भी मौके पर बुलवाया गया। जैसे ही शरीफ मौके पर पहुंचा, आरोपियों ने दोनों पर चाकू और कटर से हमला कर दिया।


हमले में गंभीर रूप से घायल शरीफ खान किसी तरह जान बचाकर जिला अस्पताल पहुंचा और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल मौके पर पहुंचीं और घायल अवस्था में पड़े अमजद खान को पुलिस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने अमजद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जबलपुर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं शरीफ खान का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।


दमोह देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पुरानी रंजिश सामने आया है। घायल शरीफ खान के बयान के आधार पर मोनू रैकवार, मनीष रैकवार, अमन ठाकुर और शिवम ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

आपुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

About The Author