दमोह में मलैया रेस्टोरेंट पर देर रात गुंडागर्दी, हथियारों के दम पर दुकान खुलवाकर सामान ले गए बदमाश; CCTV में कैद वारदात
दमोह। शहर के सुभाष कॉलोनी स्थित मलैया रेस्टोरेंट एवं किराना दुकान में देर रात गुंडागर्दी और लूट के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हथियारों और डंडों से लैस 8 से 10 बदमाशों ने दुकान पर पहुंचकर शटर में तोड़फोड़ की, दुकान संचालक को धमकाते हुए दुकान खुलवाई और खाने-पीने सहित अन्य सामान उठाकर ले गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार घटना बीती रात करीब 2 बजे की है। पीड़ित दुकान संचालक आकाश जैन और अरविंद मलैया के मुताबिक, 8 से 10 युवक डंडे और धारदार हथियार लेकर दुकान के बाहर पहुंचे। बदमाशों ने पहले शटर पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। आवाज सुनकर जब दुकान संचालक बाहर आए तो आरोपियों ने उन्हें धमकाते हुए दुकान खुलवाई। इसके बाद दुकान के भीतर घुसकर तोड़फोड़ की और खाने-पीने का सामान सहित अन्य सामग्री उठा ले गए।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 को दी गई। सूचना मिलते ही जबलपुर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख कुछ आरोपी मौके से भाग निकले, जबकि तीन संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए। फुटेज में 6 से 7 युवक खुलेआम दुकान में घुसकर हंगामा, तोड़फोड़ और गुंडागर्दी करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर लूट के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
शहर के व्यस्ततम क्षेत्र में देर रात हुई इस घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि जिस तरह बदमाशों ने खुलेआम हथियारों के दम पर दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट की कोशिश की, उससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।


More Stories
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..
जन्मदिन की पार्टी नहीं देने पर अधिवक्ता को भेजा रजिस्टर्ड नोटिस, 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग..
गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया मैंगनीज से भरा ट्रक, ड्राइवर के पैर फंसे..