ग्राहक बनकर आईं दो महिलाओं ने ज्वेलर्स दुकान से 40 ग्राम सोना उड़ाया, CCTV में कैद वारदात..

Spread the love

ग्राहक बनकर आईं दो महिलाओं ने ज्वेलर्स दुकान से 40 ग्राम सोना उड़ाया, CCTV में कैद वारदात..

दमोह/हटा। शहर के व्यस्ततम बड़ा बाजार स्थित दीपेश ज्वेलर्स में गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचीं दो अज्ञात महिलाओं ने खरीदारी का बहाना बनाकर करीब 40 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गईं।

पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे दोनों महिलाएं दीपेश ज्वेलर्स पहुंचीं। उन्होंने सोने के आभूषण खरीदने की बात कहकर दुकानदार से एक के बाद एक कई जेवर निकलवाए। इसी दौरान बातों में उलझाकर महिलाओं ने कुछ आभूषण अपने वस्त्रों में छिपा लिए और मौका मिलते ही दुकान से निकल गईं।

घटना का पता चलने पर दुकान संचालक दीपेश सोनी ने तत्काल हटा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 6 से 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से हटा के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस और स्थानीय लोग महिलाओं की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं।

दुकान संचालक ने नगरवासियों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही महिलाओं के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल हटा थाना पुलिस या उन्हें सूचित करें।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

About The Author