दमोह में रेलवे विकास को मिलेगी नई रफ्तार, सांसद राहुल सिंह लोधी ने 100 करोड़ की परियोजनाओं का किया निरीक्षण
तीन रेलवे ओवरब्रिज और नए रेक प्वाइंट का सांसद ने लिया जायजा, गुणवत्ता और समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश
दमोह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमृत भारत संकल्प के तहत दमोह जिले में रेलवे अधोसंरचना के आधुनिकीकरण के लिए चल रही परियोजनाओं का शुक्रवार को सांसद राहुल सिंह लोधी ने निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे स्टेशन चौराहा बांदकपुर, करैया रेलवे स्टेशन, आनू फाटक, दमोह-हिंडोरिया-पटेरा मार्ग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज तथा नवनिर्मित लोडिंग-अनलोडिंग रेक प्वाइंट का जायजा लेकर अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद ने बताया कि जिले में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से तीन रेलवे ओवरब्रिज और लोडिंग-अनलोडिंग रेक प्वाइंट का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द इसका लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने कहा कि शहर के भीतर स्थित पुराने रेक प्वाइंट के कारण लंबे समय से यातायात जाम और अन्य समस्याएं बनी हुई थीं। इन्हें देखते हुए रेक प्वाइंट को शहर से करीब 550 से 600 मीटर दूर करैया क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस सुविधा के शुरू होने के बाद शहर में यातायात का दबाव कम होगा और माल ढुलाई की व्यवस्था भी अधिक सुगम होगी।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने केंद्र सरकार द्वारा रेलवे अधोसंरचना को मजबूत करने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से दमोह जिले की परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी, आवागमन सुगम बनेगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान धर्मेंद्र पटेल, ब्रजेश ठाकुर, एसडीएम सौरभ गंधर्व, तहसीलदार पारुल चौधरी, रेलवे एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


More Stories
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..
जन्मदिन की पार्टी नहीं देने पर अधिवक्ता को भेजा रजिस्टर्ड नोटिस, 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग..
गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया मैंगनीज से भरा ट्रक, ड्राइवर के पैर फंसे..