स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए दमोह यातायात पुलिस का अभियान, ओवरलोड ऑटो-ई-रिक्शा पर कार्रवाई
15 वाहनों से ₹14,900 का जुर्माना वसूला, चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की दी गई समझाइश
दमोह। स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दमोह यातायात पुलिस ने शुक्रवार को ओवरलोड ऑटो और ई-रिक्शा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान शहर के विभिन्न स्कूलों के आसपास और प्रमुख मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई।
यातायात प्रभारी निरीक्षक दलवीर सिंह मार्को के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कई ऑटो और ई-रिक्शा निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी लेकर चलते पाए गए। ऐसे 15 वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल ₹14,900 का प्रशमन शुल्क (जुर्माना) वसूला गया।
कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को भविष्य में ओवरलोडिंग नहीं करने, यातायात नियमों का पालन करने और विशेष रूप से स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की समझाइश भी दी गई।
यातायात प्रभारी निरीक्षक दलवीर सिंह मार्को ने बताया कि ओवरलोडिंग से वाहन का संतुलन और ब्रेकिंग क्षमता प्रभावित होती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने सभी ऑटो और ई-रिक्शा संचालकों से निर्धारित क्षमता के अनुसार ही यात्रियों का परिवहन करने की अपील की।


More Stories
त्योहारों की सुरक्षा को लेकर सड़क पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, जुलूस मार्ग से विसर्जन स्थल तक किया निरीक्षण..
कुसमी मानगढ़ में आदिवासी जमीन का मुद्दा गरमाया, कांग्रेस ने SDM को सौंपा ज्ञापन..
त्योहारों से पहले दमोह पुलिस अलर्ट, गुंडा-बदमाशों की कराई परेड, लाल नोटिस देकर दी कड़ी चेतावनी..