नरसिंहगढ़ डकैती कांड में दमोह पुलिस को बड़ी सफलता, दो और आरोपी गिरफ्तार..
सोने-चांदी के आभूषण व नकदी बरामद, अब तक 16.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त; दो आरोपी अभी भी फरार..
दमोह। दमोह देहात थाना अंतर्गत नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र के सूखी पिपरिया गांव में हुई लाखों रुपये की डकैती के मामले में दमोह पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद प्रकरण में अब तक कुल लगभग 16 लाख 70 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की जा चुकी है। वहीं दो अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को सूखी पिपरिया निवासी विजय जैन के घर हुई डकैती के संबंध में दमोह देहात थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। इससे पहले पुलिस शंकर यादव और राहुल अहिरवार को गिरफ्तार कर चुकी थी।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने भोपाल, रायसेन, छतरपुर, दिल्ली, रोहतक (हरियाणा), ओडिशा और विशाखापट्टनम सहित कई स्थानों पर लगातार दबिश दी। तलाश के दौरान फरार आरोपी रानू पटेल निवासी बेर किसुनगंज, थाना दमोह देहात तथा दीपक उर्फ दीपु बंसल निवासी वार्ड क्रमांक-1, पथरिया को कटनी-मुड़वारा से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर दो सोने की चेन (करीब 18 ग्राम), एक सोने की करधनी (करीब 42 ग्राम) तथा 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में करीब 8.20 लाख रुपये की नई संपत्ति बरामद हुई है। इससे पहले भी सोने-चांदी के आभूषण और एक मोटरसाइकिल सहित करीब 8.50 लाख रुपये का सामान जब्त किया जा चुका था।
इस प्रकार अब तक कुल 16.70 लाख रुपये की संपत्ति बरामद हो चुकी है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं। रानू पटेल के विरुद्ध पहले से 8 आपराधिक प्रकरण, जबकि दीपक उर्फ दीपु बंसल के खिलाफ 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
जांच के दौरान रोहित अहिरवार और उसके साथी मोनू की संलिप्तता भी सामने आई है। दोनों आरोपी अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दमोह देहात निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय, नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी, साइबर सेल तथा विशेष पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने बताया कि शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..