‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान की शुरुआत, बैडमिंटन टूर्नामेंट के साथ युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश..

Spread the love

‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान की शुरुआत, बैडमिंटन टूर्नामेंट के साथ युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश..


दमोह। जिला पुलिस द्वारा संचालित ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत मंगलवार को इनडोर खेल परिसर में बैडमिंटन सिंगल्स एवं डबल्स टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस), वन मंडलाधिकारी ईश्वर जरांडे एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे ने किया। इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का उद्देश्य खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा “स्वस्थ समाज, नशामुक्त दमोह” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने खिलाड़ियों एवं उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत जिले भर में खेल, सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे की बुराइयों से दूर रखा जा सके।


जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे और डीएफओ ईश्वर जरांडे ने भी नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति विषय पर आधारित पांच मिनट की जागरूकता फिल्म भी प्रदर्शित की गई।


कार्यक्रम में जल निगम के महाप्रबंधक गौरव सराफ, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री अशोक मुकाती, विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री मोतीलाल साहू, सिटी कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार, यातायात प्रभारी दलबीर सिंह मार्को, रक्षित निरीक्षक अभिनव साहू, थाना प्रभारी रचना मिश्रा, आरक्षक प्रमोद गौंड, खेल प्रशिक्षक आशीष चौरसिया, शुभम नामदेव, उमेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

About The Author