परशुराम टेकरी पर 10 लाख के सामुदायिक भवन का लोकार्पण, सांसद राहुल सिंह ने किया उद्घाटन..

Spread the love

परशुराम टेकरी पर 10 लाख के सामुदायिक भवन का लोकार्पण, सांसद राहुल सिंह ने लगाया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अशोक का पौधा..

दमोह। शहर के चौपराखुर्द स्थित भगवान परशुराम टेकरी परिसर में रविवार को सांसद निधि से 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण सांसद राहुल सिंह लोधी एवं विधायक जयंत मलैया के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। लोकार्पण के बाद सांसद राहुल सिंह ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत परशुराम टेकरी के नीचे अशोक का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यह पौधा हरिओम पुरुषोत्तम चौबे द्वारा उपलब्ध कराया गया था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि यदि भाव अच्छा हो तो हर कार्य सफल होता है। उन्होंने बताया कि जब वे जिला पंचायत सदस्य थे, तब परशुराम मंदिर के पुजारी कृष्णकांत गर्ग ने उनसे भवन निर्माण की बात कही थी, लेकिन उस समय राशि उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने भगवान परशुराम भवन के लिए 15 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह भी विभिन्न कारणों से मूर्त रूप नहीं ले सका।

उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से सांसद बनने के बाद उन्हें इस कार्य को पूरा करने का अवसर मिला और सांसद निधि से 10 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराकर सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया। उन्होंने इसे अपने जीवन का सौभाग्य और गर्व का विषय बताते हुए कहा कि शायद भगवान ने उन्हें इसी कार्य के लिए चुना था।

सांसद राहुल सिंह ने कहा कि परशुराम टेकरी एक विशाल और पवित्र स्थान है, जहां भविष्य में कन्या विवाह, जन्मोत्सव, वृक्षारोपण, श्रीमद्भागवत कथा सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन किए जा सकते हैं। इससे समाज में आपसी मेलजोल बढ़ेगा और धार्मिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों एवं समाज के सहयोग से परिसर में शेष विकास कार्य भी चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे तथा समाज समय-समय पर इन कार्यों की देखरेख और संरक्षण करेगा।

अपने संबोधन में सांसद राहुल सिंह ने समाज के सभी वर्गों से नई पीढ़ी के भविष्य को लेकर गंभीरता से विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज सबसे बड़ी जिम्मेदारी बच्चों को सही संस्कार और सही दिशा देने की है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले अनेक विद्यार्थी शहरों में किराए के मकानों में रहकर पढ़ाई करते हैं। ऐसे में अभिभावकों का यह दायित्व है कि वे केवल पढ़ाई के लिए भेजकर निश्चिंत न हो जाएं, बल्कि यह भी सुनिश्चित करें कि बच्चे वास्तव में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और गलत संगत से दूर हैं।

उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में कुछ युवा ऑनलाइन सट्टेबाजी, नशे और अन्य गलत गतिविधियों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। अभिभावकों की अनदेखी के कारण कई बार बच्चे मानसिक दबाव में आकर गलत कदम तक उठा लेते हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते परिवार और समाज को इस विषय पर सजग होना होगा, ताकि आने वाली पीढ़ी सुरक्षित और संस्कारित बन सके।

सांसद ने ब्राह्मण समाज की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समाज सदैव पूरे समाज को दिशा देने और संस्कारों का संदेश देने का कार्य करता रहा है। उन्होंने उपस्थित विप्रजनों से समाज में सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पंडित नरेंद्र व्यास, मंदिर पुजारी कृष्णकांत गर्ग जी , नरेंद्र दुबे, पंडित विद्यासागर पांडे, मंडल अध्यक्ष रमाकांत वाजपेई, पंडित गोपाल बैरागी, पंडित मोनू पाठक, हरिओम पुरुषोत्तम चौबे, चंद्रप्रकाश पौराणिक, आशीष कटारे, गुड्डू तिलकधारी, जिला अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मंजू देवलिया सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

About The Author