प्रेम विवाह के बाद नवदंपति ने खाया जहर, परिजनों पर प्रताड़ना और धमकी के आरोप..

Spread the love


प्रेम विवाह के बाद नवदंपति ने खाया जहर, परिजनों पर प्रताड़ना और धमकी के आरोप


अयोध्या में की थी शादी, गंभीर हालत में दमोह जिला अस्पताल में भर्ती; पुलिस जांच में जुटी

दमोह/हटा। दमोह जिले के मड़ियादो थाना क्षेत्र अंतर्गत पौड़ी गांव में एक नवविवाहित दंपति द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में दोनों को पहले हटा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति नाजुक होने पर दमोह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।

घायल दंपति की पहचान पौड़ी निवासी अनिल दुबे और स्नेहा उर्फ नेहा विश्वकर्मा के रूप में हुई है। अस्पताल में उपचार के दौरान अनिल दुबे ने बताया कि उसने अमानगंज के नयापुरा निवासी स्नेहा विश्वकर्मा से अयोध्या में भगवान श्रीराम को साक्षी मानकर प्रेम विवाह और कोर्ट मैरिज की थी। विवाह के बाद से ही पत्नी के मायके पक्ष के लोग इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे।

अनिल का आरोप है कि स्नेहा के माता-पिता और परिजन लगातार दोनों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार घर पर लोगों को भेजकर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। लगातार मिल रही धमकियों और तनाव से परेशान होकर दोनों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।

वहीं अस्पताल में भर्ती स्नेहा उर्फ नेहा ने भी अपने माता-पिता और परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्नेहा का कहना है कि प्रेम विवाह के कारण उसे और उसके पति को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

घटना की सूचना मिलने पर मड़ियादो थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा सभी आरोपों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले में दोनों पक्षों से भी पूछताछ की जाएगी।

फिलहाल नवदंपति का दमोह जिला अस्पताल में उपचार जारी है और चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर आत्महत्या के प्रयास के पीछे के कारणों की पड़ताल कर रही है।

About The Author