कलेक्टर का औचक निरीक्षण, 5 विभागों के 48 अधिकारी-कर्मचारी मिले अनुपस्थित..

Spread the love

कलेक्टर का औचक निरीक्षण, 5 विभागों के 48 अधिकारी-कर्मचारी मिले अनुपस्थित

आरईएस कार्यपालन यंत्री, डीईओ, डीपीएम आजीविका मिशन और जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश

दमोह। जिले में कार्यालयों में अनुशासन और आमजन की समस्याओं के समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सोमवार को पांच विभागों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कुल 48 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी जताते हुए सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में जिला पंचायत के 13, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के 7, आजीविका मिशन के 5, जनजातीय कार्य विभाग के 4 तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के 19 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि निरीक्षण के दौरान आरईएस के कार्यपालन यंत्री, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) आजीविका मिशन तथा जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग भी कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए।

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट कहा कि कार्यालयों में समय पर उपस्थित रहना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि आम नागरिकों के कार्य संवेदनशीलता, पारदर्शिता और कानून के दायरे में रहकर निर्धारित समय सीमा में किए जाएं। साथ ही चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

About The Author