हटा मंडी में फूटा किसानों का गुस्सा, तुलाई में देरी पर गेट के बाहर किया चक्काजाम..

Spread the love


हटा कृषि उपज मंडी में किसानों का हंगामा, तुलाई में देरी और अव्यवस्थाओं से नाराज किसानों ने किया चक्काजाम..


दमोह/हटा। दमोह जिले के हटा कृषि उपज मंडी में मूंग खरीदी को लेकर सोमवार को किसानों का आक्रोश खुलकर सामने आया। तुलाई में लगातार हो रही देरी, खरीदी केंद्र की अव्यवस्थाओं, वारदाने की कमी और अन्य समस्याओं से नाराज किसानों ने मंडी गेट के बाहर सड़क पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते हटा-बटियागढ़ मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही हटा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा किसानों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।


प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप था कि वे पिछले सात दिनों से अपनी मूंग लेकर मंडी में खड़े हैं, लेकिन अब तक उनकी उपज की तुलाई नहीं हो सकी है। किसानों का कहना था कि बार-बार अधिकारियों और कर्मचारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीदी केंद्र पर अव्यवस्था के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।


किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि मंडी में तुलाई और अन्य कार्यों के नाम पर उनसे 300 से 400 रुपये तक लिए जा रहे हैं। इसके अलावा वारदाने की कमी, खरीदी की धीमी प्रक्रिया और कर्मचारियों के रवैये को लेकर भी किसानों ने नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने खरीदी केंद्र के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की।


आक्रोशित किसानों ने मंडी गेट के बाहर सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे हटा-बटियागढ़ मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। सूचना मिलने पर हटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।


बाद में नायब तहसीलदार शिवराम चढ़ार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर चक्काजाम खोल दिया।


किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही खरीदी व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और उनकी उपज की समय पर तुलाई नहीं की गई, तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

About The Author