दमोह में ट्रैफिक नियमों पर सख्ती: बिना हेलमेट मिले 7 पुलिसकर्मियों के कटे चालान, हूटर लगी कार पर भी कार्रवाई..

Spread the love

दमोह में ट्रैफिक नियमों पर सख्ती: बिना हेलमेट मिले 7 पुलिसकर्मियों के कटे चालान, हूटर लगी कार पर भी कार्रवाई..

दमोह। जिले में सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है कि यातायात नियम सभी के लिए समान हैं, चाहे वह आम नागरिक हो या पुलिस विभाग का अधिकारी-कर्मचारी। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन में एसपी कार्यालय के बाहर यातायात पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे 7 पुलिसकर्मियों के चालान काटे गए। वहीं, एक कार से अनाधिकृत हूटर हटाकर उसके खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना और यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराना था। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों सहित सभी वाहन चालकों की जांच की गई। बिना हेलमेट बाइक चलाते पाए गए सात पुलिसकर्मियों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 2,100 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। उल्लेखनीय बात यह रही कि संबंधित पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई में पूरा सहयोग किया और मौके पर ही चालान जमा किया।

कलेक्टर-एसपी के निर्देश पर लगातार चल रहा अभियान..

प्रशासन द्वारा जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दो दिन पहले कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया था, जहां बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट कार्यालय पहुंच रहे कर्मचारियों को रोककर नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई थी। उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को एसपी कार्यालय के बाहर यह विशेष अभियान संचालित किया गया।
एसआई पर भी हुई कार्रवाई..

अभियान के दौरान एक उप निरीक्षक (एसआई) भी बिना हेलमेट अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से जनसुनवाई में शामिल होने जा रहे थे। यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को ने उन्हें भी रोककर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की। इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया कि कानून के पालन में किसी भी स्तर पर पक्षपात नहीं किया जाएगा।

हूटर लगी कार पर भी चला अभियान..

वाहन जांच के दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष की नेम प्लेट लगी एक कार में अनाधिकृत रूप से हूटर लगा मिला। यातायात पुलिस ने तत्काल हूटर हटवाते हुए वाहन चालक के खिलाफ लगभग 3,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की। पुलिस ने कहा कि बिना अनुमति हूटर का उपयोग नियमों के विरुद्ध है और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

एडिशनल एसपी बोले— पहले पुलिस खुद नियमों का पालन करे..

एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया ने कहा कि जब पुलिस आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपेक्षा करती है, तो सबसे पहले पुलिसकर्मियों को स्वयं इन नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एसपी के निर्देश पर यह अभियान इसलिए चलाया गया ताकि समाज में यह संदेश जाए कि कानून सबके लिए बराबर है। चाहे आम व्यक्ति हो या पुलिस विभाग का अधिकारी अथवा कर्मचारी, नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई निश्चित है।

अभियान रहेगा जारी..

यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को ने बताया कि अभियान के दौरान सात पुलिसकर्मियों पर कुल 2,100 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिलेभर में वाहन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

About The Author