बांदकपुर स्कूल मामले में कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई, प्राचार्य हटाने के निर्देश; जांच समिति को भी नोटिस..

Spread the love

बांदकपुर स्कूल मामले में कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई, प्राचार्य हटाने के निर्देश; जांच समिति को भी नोटिस

दमोह। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बांदकपुर में विद्यार्थियों की शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय के प्राचार्य को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रारंभिक जांच में गलत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने वाली जांच समिति को भी नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।


कलेक्टर ने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने उनसे मिलकर शिकायत की थी और प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया था कि जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं की गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से दोबारा वास्तविक स्थिति की जांच कराई गई।


दोबारा हुई जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ताओं के बयान एकतरफा तरीके से दर्ज किए गए थे और जांच प्रक्रिया में अनियमितता बरती गई थी। इस आधार पर कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य को हटाने के निर्देश जारी किए। साथ ही गलत प्रतिवेदन देने वाली जांच समिति को नोटिस जारी कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई करने के आदेश दिए।


कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने विद्यार्थियों से गुटबाजी से दूर रहने और अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्र बेहतर परिणाम हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करें। साथ ही भविष्य में किसी भी समस्या की जानकारी सीधे जिला शिक्षा अधिकारी तक पहुंचाने के लिए विद्यार्थियों को अधिकारियों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा सके।

About The Author