डायल-112 टीम पर हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार और कारतूस बरामद..
दमोह। पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सूखा में डायल-112 पुलिस टीम पर हमला कर शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से मारपीट करने और मोबाइल छीनने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को पैदल जुलूस के साथ न्यायालय लेकर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में की गई।
जमीन विवाद सुलझाने पहुंची थी डायल-112 टीम
घटना 10 जुलाई की रात (पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार) की है, जब ग्राम सूखा निवासी जाहर सिंह लोधी ने पारिवारिक जमीन विवाद की सूचना डायल-112 पर दी थी। सूचना मिलने पर एफआरवी में तैनात पायलट कुलदीप अठया और आरक्षक कुलदीप जैन मौके पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाद शांत कराया।
वाहन फंसने पर पुलिस टीम पर हमला
विवाद शांत कराने के बाद लौटते समय डायल-112 का वाहन रास्ते में कीचड़ में फंस गया। इसी दौरान आरोपी पक्ष के खूब सिंह लोधी और उसके साथी ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। आरोपियों ने एफआरवी चालक और आरक्षक के साथ अभद्रता एवं मारपीट की तथा आरक्षक का मोबाइल छीन लिया। मामले में हवाई फायर किए जाने के भी आरोप लगाए गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी खूब सिंह लोधी (36) निवासी ग्राम सूखा, हाल निवासी ग्राम बरा (थाना बण्डा, जिला सागर), जगथर तिगड्डा स्थित यात्री प्रतीक्षालय में अवैध हथियार के साथ मौजूद है। सूचना पर पथरिया पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी अलग से प्रकरण दर्ज किया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
इन अधिकारियों की रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नेहा गोस्वामी, उपनिरीक्षक श्यामसुंदर दुबे, सहायक उपनिरीक्षक हरगोविंद पटैल, आरक्षक रमाकांत, अमन, मनीष रोहित, कृष्णकुमार, अनुराग, अक्षय मिश्रा और अमित चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


More Stories
दमोह में ट्रैफिक नियमों पर सख्ती: बिना हेलमेट मिले 7 पुलिसकर्मियों के कटे चालान, हूटर लगी कार पर भी कार्रवाई..
हटा मंडी में फूटा किसानों का गुस्सा, तुलाई में देरी पर गेट के बाहर किया चक्काजाम..
कलेक्टर का औचक निरीक्षण, 5 विभागों के 48 अधिकारी-कर्मचारी मिले अनुपस्थित..