प्रेम प्रसंग को लेकर युवक पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती..
दमोह। दमोह देहात थाना क्षेत्र के न्यू दमोह में मंगलवार को प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार किल्लाई नाका क्रिश्चियन कॉलोनी निवासी आदित्य नामदेव (20) पिता अनिल नामदेव बस स्टैंड पर बैठा हुआ था। इसी दौरान राजा रैकवार वहां पहुंचा और उसे न्यू दमोह घूमने चलने की बात कहकर अपने साथ ले गया।
आरोप है कि न्यू दमोह पहुंचने के बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान राजा रैकवार ने कथित तौर पर चाकू से आदित्य पर हमला कर दिया। हमले में आदित्य के पैर और सीने में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक को उसके साथियों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही जबलपुर नाका चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं जिला अस्पताल प्रबंधन के अनुसार घायल का उपचार जारी है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


More Stories
उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए सत्येन्द्र सिंह राजपूत को मिला प्रतिष्ठित रुस्तम जी अवॉर्ड..
रिश्वतखोर सहायक यंत्री को 4 साल का सश्रम कारावास..
“सांदीपनि विद्यालयों की देरी पर 3.68 करोड़ की शास्ति, दिसंबर तक हैंडओवर नहीं तो ब्लैकलिस्ट होगी एजेंसी”