पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठे कर्मचारी..
दमोह। मध्य प्रदेश पटवारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर पूर्व से लंबित मांगों को लेकर दमोह जिले के पटवारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के दूसरे दिन भी जिलेभर के पटवारी कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जिले के पटवारी शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रांतीय प्रवक्ता नीरज चौरसिया, जिला अध्यक्ष कुंज बिहारी दुबे तथा जिले की विभिन्न तहसीलों के अध्यक्षों ने किया। इस दौरान पटवारियों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
पटवारी संघ की प्रमुख मांगों में कैडर रिव्यू लागू कर पदोन्नति के अवसर प्रदान करना, समान कार्य के लिए समान वेतनमान एवं अन्य लाभ, पटवारी संवर्ग से नायब तहसीलदार पद के लिए नियमित पात्रता परीक्षा आयोजित करना, पटवारियों को जज प्रोटेक्शन एक्ट के दायरे में शामिल करना, वित्तीय लंबित भुगतान का शीघ्र निराकरण तथा नियम विरुद्ध स्थानांतरण पर रोक लगाना शामिल है।
धरने पर बैठे पटवारियों ने बताया कि इन मांगों को लेकर वे शासन को कई बार ज्ञापन सौंप चुके हैं। उनका कहना है कि पहला ज्ञापन 8 जुलाई को और अंतिम ज्ञापन 3 अगस्त को दिया गया, लेकिन अब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने बताया कि पिछले 25 वर्षों में केवल वर्ष 2018 में ही नायब तहसीलदार पद के लिए पात्रता परीक्षा आयोजित की गई थी, इसके बाद आज तक परीक्षा नहीं कराई गई। इससे पदोन्नति के अवसर प्रभावित हो रहे हैं।
पटवारियों ने यह भी कहा कि सरकार ने उनकी एक मांग पर निर्णय लिया है, लेकिन शेष महत्वपूर्ण मांगें अब भी लंबित हैं। जब तक सभी प्रमुख मांगों पर संतोषजनक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
हड़ताल के चलते राजस्व विभाग के कई कार्य प्रभावित होने लगे हैं। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, फसल गिरदावरी सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्यों पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। पटवारी संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।


More Stories
कपिल जनरल स्टोर के पास दो युवकों पर चाकू से हमला, एक जबलपुर रेफर..
समरसता का संदेश लेकर दमोह पहुंची संत रविदास महाराज की कलश यात्रा, भाजपा नेताओं ने किया भव्य स्वागत..
जबेरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूट की वारदात का खुलासा; तीन आरोपी गिरफ्तार..