बारिश के बीच भी नहीं थमा आस्था का सैलाब, असाटी समाज की विशाल कांवड़ यात्रा ने दिया एकता का संदेश..
दमोह। सकल असाटी समाज दमोह के तत्वावधान में रविवार को विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। तेज बारिश के बीच भी शिवभक्तों का उत्साह और श्रद्धा कम नहीं हुई। ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ निकली कांवड़ यात्रा ने शहर में भक्ति और सामाजिक एकता का माहौल बना दिया।
यात्रा की शुरुआत टाकीज तिराहा स्थित श्रीराम मंदिर से विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद हुई। मातृशक्तियों ने पूजा-अर्चना कर कांवड़ में नर्मदा जल भरा, जिसके बाद भगवान भोलेनाथ का पूजन कर यात्रा रवाना हुई। कांवड़ यात्रा बकौली चौक, घंटाघर, अस्पताल चौराहा और कोतवाली चौराहा होते हुए श्री देव जटाशंकर धाम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने नर्मदा जल से भगवान शिव का विधिपूर्वक जलाभिषेक किया।
जगह-जगह हुआ स्वागत..
यात्रा के दौरान शहर में जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। बकौली चौक, घंटाघर, अस्पताल चौराहा और कोतवाली चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर फल, पानी और पुष्पवर्षा के साथ कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया गया। तेज बारिश के बावजूद कांवड़ यात्री पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे।
यात्रा में सबसे आगे समाज का बैनर और जटाशंकर धाम का डमरू दल रहा। इसके पीछे छोटे-छोटे बच्चे कांवड़ लेकर चलते नजर आए। महिलाओं और युवाओं ने भी कांवड़ उठाकर भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए और भक्ति गीतों पर उत्साह के साथ नृत्य किया।
बच्चों से लेकर वरिष्ठजनों तक ने लिया हिस्सा
कांवड़ यात्रा में समाज के छोटे बच्चों से लेकर महिलाओं, मातृशक्ति, युवाओं और वरिष्ठजनों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। समाजजनों ने कहा कि बारिश सहित किसी भी परिस्थिति में समाज की एकता और आस्था कमजोर नहीं होगी। यात्रा के माध्यम से सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया गया।
भोले स्वरूप रहे आकर्षण का केंद्र
कांवड़ यात्रा में भोलेनाथ के स्वरूप में दीपक असाटी, अप्सरा और अनंत असाटी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालुओं ने उनके दर्शन कर जयकारे लगाए। वहीं यात्रा को सफल बनाने में दमोह असाटी समाज महिला समिति और युवा टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महिलाओं ने व्यवस्थाओं को संभाला, जबकि युवाओं ने पूरे आयोजन में सक्रिय सहयोग करते हुए यात्रा में उत्साह और ऊर्जा बनाए रखी।


More Stories
नर्मदा जल से हुआ भगवान जागेश्वरनाथ का रुद्राभिषेक, सांसद ने किया पौधारोपण..
प्रेम प्रसंग को लेकर युवक पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती..
डायल-112 टीम पर हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अवैध कट्टा और कारतूस बरामद..