155 आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण, 8 मिले बंद..

Spread the love

155 आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण, 8 मिले बंद..


37 स्व-सहायता समूहों को नोटिस, कलेक्टर ने कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी..


दमोह। जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों के सुचारू संचालन और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। विगत तीन दिनों में जिले के 155 आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर व्यवस्थाओं की जांच की गई और लापरवाही मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू की गई है।


कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जिले के 8 आंगनवाड़ी केंद्र बंद पाए गए। इन केंद्रों के बंद मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के वेतन में कटौती करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से आंगनवाड़ी केंद्रों में नियमित उपस्थिति और संचालन को लेकर सख्ती का संदेश गया है।


37 स्व-सहायता समूहों को नोटिस..


निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे नाश्ते और भोजन की गुणवत्ता तथा निर्धारित मीनू की भी जांच की गई। जांच में 37 स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्धारित मीनू का पालन नहीं किया जाना पाया गया।


मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सभी 37 स्व-सहायता समूहों को नोटिस जारी किए गए हैं। इनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को शासन द्वारा निर्धारित मीनू और मात्रा के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं नाश्ता उपलब्ध हो।


आकस्मिक निरीक्षण आगे भी रहेगा जारी..


कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने स्पष्ट किया कि आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका तथा नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराने वाले स्व-सहायता समूहों को शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।

उन्होंने संबंधितों को निर्देश दिए कि बच्चों को निर्धारित मात्रा और मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।


कलेक्टर ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों का आकस्मिक एवं सतत निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान केंद्र बंद मिलने, व्यवस्थाओं में लापरवाही अथवा भोजन के निर्धारित मीनू और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं में सुधार लाने के साथ-साथ बच्चों और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर और निर्धारित मानकों के अनुसार उपलब्ध कराना है।

About The Author