माइक्रो फाइनेंस कंपनी की लूट का खुलासा, फरियादी ही निकला मास्टरमाइंड..

Spread the love


माइक्रो फाइनेंस कंपनी की लूट का खुलासा, फरियादी ही निकला मास्टरमाइंड


दो साथियों के साथ मिलकर रची थी लूट की साजिश, 1.05 लाख रुपए नगद सहित बाइक और मोबाइल बरामद


दमोह। जबलपुर नाका चौकी क्षेत्र में माइक्रो फाइनेंस कंपनी की कलेक्शन राशि लूटने के मामले का दमोह देहात पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस जांच में फरियादी ही लूट की साजिश का मुख्य सरगना निकला। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस के अनुसार 8 अगस्त को घनश्याम अहिरवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाश उसकी साथी ट्रेनी जूही चंदेल के हाथ से करीब 1.23 लाख रुपए से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। मामले में अपराध क्रमांक 549/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(4) में प्रकरण दर्ज किया गया था।


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने करीब 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, सीडीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। विवेचना के दौरान फरियादी घनश्याम अहिरवार की भूमिका संदिग्ध मिलने पर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने संजय सौर और सोहित उर्फ वीरेन्द्र रजक, दोनों निवासी पिपरिया थाना सुरखी जिला सागर, के साथ मिलकर लूट की योजना बनाना और वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।


पुलिस के मुताबिक आरोपियों के हिस्से में 1,17,335 रुपए आए थे, जिसमें से करीब 12,335 रुपए खर्च करने के बाद शेष 1,05,000 रुपए आपस में बांट लिए थे। आरोपियों ने घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई और लूटी गई राशि भी बढ़ाकर बताई थी।


पुलिस ने घनश्याम अहिरवार, संजय सौर और सोहित उर्फ वीरेन्द्र रजक को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 1 लाख 5 हजार रुपए नगद, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 1.83 लाख रुपए बताई गई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पाण्डेय के निर्देशन में थाना प्रभारी दमोह देहात निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय, उनि प्रियंका पटैल, सउनि अभय सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

About The Author