दमोह में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, एक ही घर से दो रिश्तेदारों की नकदी और जेवर पार
रेलवे कॉलोनी में वारदात से मचा हड़कंप, पुलिस और फिंगरप्रिंट टीम ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच; चोरी की रकम 40 से 50 लाख रुपये के बीच होने का अनुमान
दमोह। शहर के मांगज वार्ड क्रमांक-5 स्थित रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े एक घर में बड़ी चोरी की वारदात सामने आने से हड़कंप मच गया। अज्ञात चोरों ने घर में रखी दो रिश्तेदारों की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों परिवारों की नकदी और जेवरात मिलाकर चोरी की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। पीड़ितों के मुताबिक कुल नुकसान करीब 40 से 50 लाख रुपये के बीच हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी चोरी की वास्तविक राशि की पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में रहने वाले एच.डी. चतुर्वेदी के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने घर में रखी अलमारी को तोड़कर करीब एक लाख रुपये नकद और सोने के जेवरात चोरी कर लिए। इसी घर में उनके जबलपुर नाका निवासी समधी रमाकांत तिवारी का सामान भी रखा हुआ था। तिवारी के सूटकेस में करीब 4 लाख 30 हजार रुपये नकद के अलावा सोने का हार, अंगूठियां, कंगन सहित अन्य जेवरात रखे थे, जिन्हें भी चोर अपने साथ ले गए।
एक ही घर में दो रिश्तेदारों का सामान था..
बताया जा रहा है कि दोनों रिश्तेदारों का नकदी और जेवरात से संबंधित सामान एक ही मकान में रखा हुआ था। वारदात के बाद जब परिवार के सदस्यों को चोरी का पता चला तो तत्काल इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पीड़ित परिवारों के अनुसार चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी की कुल कीमत करीब 40 से 50 लाख रुपये तक हो सकती है। हालांकि, जेवरात और अन्य सामान का पूरा मिलान तथा मूल्यांकन अभी किया जाना बाकी है। इसलिए फिलहाल चोरी की अंतिम राशि स्पष्ट नहीं है।
अलमारी तोड़कर चोरी, सूटकेस में भी मिला कुछ सामान..
पुलिस जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि चोरों ने अलमारी को तोड़कर सामान निकाला। वहीं रमाकांत तिवारी के सूटकेस से भी नकदी और जेवरात चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक सूटकेस में कुछ सामान अभी मौजूद भी मिला है। ऐसे में चोरी गए सामान की सही सूची तैयार होने और उसके मूल्यांकन के बाद ही वास्तविक नुकसान का आंकड़ा सामने आएगा।
फिंगरप्रिंट टीम ने जुटाए साक्ष्य…
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस के साथ फिंगरप्रिंट टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। पुलिस घर के अंदर और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण कर रही है। इसके साथ ही वारदात के तरीके और संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस फिंगरप्रिंट टीम के साथ मौके पर पहुंची है। घटनास्थल की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि चोरी की राशि के संबंध में फिलहाल सही जानकारी स्पष्ट नहीं हो पाई है। सूटकेस में कुछ सामान मौजूद भी मिला है, इसलिए पूरे सामान का मिलान और आकलन होने के बाद ही चोरी की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सीएसपी ने भी मौके पर पहुंचकर लिया जायजा..
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोर किस समय घर में दाखिल हुए और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत तथा वारदात में शामिल आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।


More Stories
रानी अवंती बाई की 195वीं जयंती पर दमोह में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, निकली भव्य तिरंगा यात्रा..
दो वर्षों की स्वच्छता सेवा को मिला सम्मान, स्वतंत्रता दिवस के मंच से टीम उम्मीद सम्मानित..
दमोह में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने किया ध्वजारोहण..