बजरिया वार्ड नं. 4 के आवासहीनों को भी मिले प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ : पार्षद..

Spread the love


बजरिया वार्ड नं. 4 के आवासहीनों को भी मिले प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ : पार्षद..


करीब 150 से 200 परिवारों ने किए आवेदन, भूमि स्वामित्व के दस्तावेज नहीं होने से योजना के लाभ से वंचित होने का आरोप; कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन..


दमोह। शहर के बजरिया वार्ड क्रमांक-4 में निवासरत आवासहीन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग को लेकर वार्डवासियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। वार्ड पार्षद कीर्ति गोपाल मास्टर के नेतृत्व में पहुंचे रहवासियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से यहां निवास कर रहे गरीब परिवारों ने आवास योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन किए हैं, लेकिन भूमि स्वामित्व संबंधी दस्तावेज नहीं होने के कारण उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।


ज्ञापन में बताया गया कि बजरिया वार्ड क्रमांक-4 की अधिकांश भूमि हजारी मंदिर ट्रस्ट से संबंधित है। वार्डवासियों के अनुसार कई परिवारों के पूर्वजों को वर्षों पहले मंदिर ट्रस्ट के तत्कालीन महंत-पुजारियों द्वारा स्टाम्प पर भूमि दी गई थी। इन स्थानों पर परिवार कई पीढ़ियों से मकान बनाकर रह रहे हैं और नियमित रूप से नगरपालिका को मकान टैक्स एवं जलकर का भुगतान भी करते आ रहे हैं।


वार्डवासियों ने बताया कि इसी भूमि पर निवासरत करीब 20 परिवारों को वर्ष 2017-18 के दौरान शासन की आवास योजना का लाभ मिल चुका है। ऐसे में उनका सवाल है कि पहले इसी क्षेत्र के परिवारों को योजना का लाभ दिया गया, तो वर्तमान में अन्य पात्र परिवारों को इससे वंचित क्यों किया जा रहा है।


पार्षद एवं वार्डवासियों का कहना है कि वर्तमान में करीब 150 से 200 हितग्राहियों ने आवास योजना के लिए आवेदन किया है, लेकिन भूमि की रजिस्ट्री, पट्टा अथवा बैनामा जैसे दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण उनके आवेदन आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य ही गरीब एवं आवासहीन परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है, ऐसे में भूमि स्वामित्व के दस्तावेजों की समस्या के कारण वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजना से बाहर नहीं किया जाना चाहिए।


ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि शासन-प्रशासन ऐसी व्यवस्था या गाइडलाइन तैयार करे, जिससे लंबे समय से शासकीय/ट्रस्ट भूमि पर निवासरत पात्र और आवासहीन परिवारों को भी नियमानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल सके।


इस दौरान वीरेंद्र दबे, संजय चौरसिया, नितिन मिश्रा, विजय बहादुर सिंह, लालचंद राय, अजय जाटव सहित अन्य वार्डवासी मौजूद रहे। साथ ही नगर के पार्षद पप्पू कसोटया, राजा रौतेला, शैलेंद्र सिंह, रफीक खान और जीशान पठान ने भी आवासहीन परिवारों की मांग का समर्थन किया।


वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

About The Author