गांवों के विकास से ही देश के विकास का सपना होगा साकार : जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटेल..

Spread the love

गांवों के विकास से ही देश के विकास का सपना होगा साकार : जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटेल


विकसित भारत जी राम जी योजना को लेकर मानस भवन में जिला स्तरीय सम्मेलन, पंचायत प्रतिनिधियों और मैदानी अमले को दी योजना की विस्तृत जानकारी


दमोह। गांवों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाए बिना विकसित भारत के संकल्प को पूरा नहीं किया जा सकता। गांवों के विकास से ही देश का विकास संभव है। यह बात जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने स्थानीय मानस भवन में आयोजित जिला स्तरीय सम्मेलन में कही।


विकसित भारत जी राम जी योजना को लेकर आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ हुई वीबी-जी राम जी योजना के संबंध में पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों एवं मैदानी अमले को विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में आवश्यक मार्गदर्शन देना रहा।


कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे सहित जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष, सरपंच, पंचायत रोजगार सहायक, पंचायत सचिव तथा अन्य पंचायत प्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


गांव मजबूत होंगे तो विकसित भारत का सपना होगा पूरा..


जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने कहा कि वीबी-जी राम जी अधिनियम के तहत आयोजित यह सम्मेलन त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारियों के साथ पंच, सरपंच, रोजगार सहायक और सचिव सहित पंचायत स्तर से जुड़े सभी जिम्मेदार प्रतिनिधि उपस्थित हैं।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को गांवों तक पहुंचाना जरूरी है। जब तक गांव मजबूत, सुदृढ़ और सुरक्षित नहीं होंगे, तब तक विकसित भारत का सपना पूरी तरह साकार नहीं हो सकता।


उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे योजना की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाएं और पात्र लोगों को इसका लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।


पीपीटी के माध्यम से समझाई योजना..


सम्मेलन के दौरान वीबी-जी राम जी योजना की रूपरेखा, उद्देश्य, पात्रता, क्रियान्वयन प्रक्रिया तथा पंचायत स्तर पर इसकी भूमिका के संबंध में पीपीटी के माध्यम से विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
अधिकारियों ने योजना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी देते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रक्रिया और पंचायत स्तर पर निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों के बारे में बताया।


पंचायत प्रतिनिधियों ने ली जानकारी..


सम्मेलन में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत कर्मियों ने योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की। योजना के क्रियान्वयन को लेकर उपस्थित प्रतिनिधियों ने अधिकारियों से आवश्यक मार्गदर्शन भी लिया।


कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी ग्रामीणों तक पहुंचेगा, जब पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधि और मैदानी अमला योजनाओं की सही जानकारी रखते हुए उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।


सम्मेलन के माध्यम से जिले की पंचायतों को विकसित भारत के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने और ग्रामीण विकास को गति देने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

About The Author