पंचवटी भेड़ाघाट से शुरू हुई 121 किलोमीटर की पंच दिवसीय कांवड़ यात्रा
संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र लोधी बने कांवड़िया, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का दिया संदेश; अमेरिका से लौटे आईआईटीयन सत्येंद्र लोधी पूरी यात्रा करेंगे पैदल
जबलपुर। भगवान शिव की आराधना, सनातन परंपरा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पंचवटी भेड़ाघाट से 121 किलोमीटर लंबी पंच दिवसीय कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा में मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी स्वयं कांवड़ लेकर शामिल हुए। यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया जा रहा है।
मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि भगवान शिव की आराधना हमें प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण की प्रेरणा देती है। कांवड़ यात्रा हमारी आस्था और सनातन परंपरा से जुड़ी हुई है। इसलिए इस यात्रा के माध्यम से भगवान शिव की भक्ति के साथ प्रकृति की सेवा और स्वच्छता का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही स्वच्छता टीम भी यात्रा के साथ चलेगी, जो श्रद्धालुओं को मार्ग में स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करेगी।
अमेरिका से लौटे आईआईटीयन भी करेंगे 121 किलोमीटर पदयात्रा
यात्रा का विशेष आकर्षण 15 वर्ष अमेरिका में रहने के बाद भारत लौटे आईआईटीयन सत्येंद्र लोधी की सहभागिता है। वे 121 किलोमीटर की पूरी यात्रा पैदल चलकर पूरी करेंगे। उनकी सहभागिता युवाओं के लिए अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का प्रेरणादायी संदेश दे रही है।
पांच दिनों में पहुंचेगी बांदकपुर..
कांवड़ यात्रा पंचवटी भेड़ाघाट से प्रारंभ होकर मजीठा, पथरौल, पवई धाम और शहपुरा होते हुए पहले दिन पाटन पहुंचेगी। दूसरे दिन यात्रा तेंदूखेड़ा, तीसरे दिन तेजगढ़ और चौथे दिन घांघरी पहुंचेगी। पांचवें दिन यात्रा जबेरा विधानसभा क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध जागेश्वरनाथ धाम बांदकपुर पहुंचेगी।
बांदकपुर में भगवान जागेश्वरनाथ का जलाभिषेक करने के साथ पंच दिवसीय 121 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा का समापन होगा। यात्रा के दौरान धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सनातन संस्कृति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।


More Stories
दमोह में विद्युत चोरी के खिलाफ छापामार कार्रवाई, 25 हीटर जब्त..
जिला अस्पताल के दवा स्टोर में गंभीर लापरवाही, 8 में से 6 मदों में गड़बड़ी; दो कर्मचारी विरत..
गांवों के विकास से ही देश के विकास का सपना होगा साकार : जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटेल..