दमोह में विद्युत चोरी के खिलाफ छापामार कार्रवाई, 25 हीटर जब्त..
पठानी मोहल्ला, नूरी नगर और गढ़ी मोहल्ला में अचानक दबिश से मचा हड़कंप, जुलाई-अगस्त में अब तक 250 पंचनामे तैयार..
दमोह। शहर में विद्युत चोरी और अनधिकृत रूप से बिजली के उपयोग के खिलाफ मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने सघन जांच एवं छापामार अभियान चलाया। अधीक्षण अभियंता दमोह अमित चौहान के निर्देशन में दमोह शहर वितरण केंद्र की टीमों ने पठानी मोहल्ला, नूरी नगर, गढ़ी मोहल्ला सहित चिन्हित क्षेत्रों में अचानक दबिश देकर विद्युत कनेक्शनों, मीटरों और बिजली के उपयोग की जांच की।
कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर विद्युत उपयोग में अनियमितताएं सामने आईं। जांच टीम ने घरेलू कनेक्शनों पर अधिक भार वाले हीटर एवं अन्य विद्युत उपकरणों का अनधिकृत उपयोग पाए जाने पर कुल 25 हीटर जब्त किए। संदिग्ध और अनियमित मामलों में पंचनामे तैयार कर संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई है।
टीम पहुंची तो बंद कर लिए दरवाजे..
अचानक हुई छापामार कार्रवाई से संबंधित क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति बन गई। विभागीय टीम के पहुंचते ही कई लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों के दरवाजे बंद कर लिए। कुछ लोग घरों में ताला लगाकर मौके से चले गए। जिन परिसरों में जांच के दौरान प्रवेश नहीं हो सका, उनकी जानकारी भी विभाग ने संकलित की है। इन परिसरों की दोबारा जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दो माह में 250 पंचनामे..
अधीक्षण अभियंता अमित चौहान ने बताया कि विद्युत चोरी एवं अनियमित विद्युत उपयोग के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जुलाई और अगस्त 2026 में अब तक करीब 250 पंचनामे तैयार किए जा चुके हैं। जांच में सामने आए मामलों में नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बिजली चोरी से वितरण व्यवस्था पर अनावश्यक भार बढ़ता है। इससे ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने, लाइन ट्रिपिंग बढ़ने और नियमित उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने में परेशानी आती है। विद्युत चोरी से होने वाली राजस्व हानि का असर व्यवस्था के रखरखाव, सुधार और विस्तार कार्यों पर भी पड़ता है।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि विद्युत चोरी के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे केवल वैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से बिजली का उपयोग करें और मीटर से छेड़छाड़ अथवा अनधिकृत विद्युत उपयोग से बचें। विद्युत चोरी दंडनीय अपराध है और इसके विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई का प्रावधान है।
अभियान में सहायक अभियंता राघवेंद्र ईडपाचे, शहर सहायक अभियंता मोहम्मद फरीद अंसारी, कनिष्ठ अभियंता शिवानी गुप्ता सहित दमोह शहर वितरण केंद्र के लाइन एवं आउटसोर्स कर्मचारियों ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


More Stories
पंचवटी भेड़ाघाट से शुरू हुई 121 किलोमीटर की पंच दिवसीय कांवड़ यात्रा..
जिला अस्पताल के दवा स्टोर में गंभीर लापरवाही, 8 में से 6 मदों में गड़बड़ी; दो कर्मचारी विरत..
गांवों के विकास से ही देश के विकास का सपना होगा साकार : जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटेल..