समरसता का संदेश लेकर दमोह पहुंची संत रविदास महाराज की कलश यात्रा..
दमोह। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता कलश यात्रा गुरुवार को दमोह पहुंची। यात्रा के दमोह आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, सांसद राहुल सिंह लोधी सहित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इसके बाद सभी ने बजरिया वार्ड क्रमांक-6 स्थित संत रविदास मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और संत रविदास महाराज के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सामाजिक समरसता और एकता का दिया संदेश..
समरसता कलश यात्रा का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ना तथा संत रविदास महाराज के समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा के माध्यम से लोगों से सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट और समरस समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया जा रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनकी 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही समरसता कलश यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और समरसता का व्यापक संदेश देने वाला अभियान है। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलकर भेदभावरहित और समरस समाज के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने सागर में निर्माणाधीन संत रविदास महाराज के मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन यह मंदिर भव्य और आकर्षक होगा।
संत रविदास ने दिखाया मानवता और समानता का मार्ग..
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को मानवता और समानता का मार्ग दिखाया। उनका जीवन यह प्रेरणा देता है कि समाज में प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान होना चाहिए और सभी वर्गों के बीच प्रेम, भाईचारा और सद्भाव बना रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि समरसता कलश यात्रा संत रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता मजबूत होती है और नई पीढ़ी को संत रविदास महाराज के आदर्शों तथा उनके योगदान से परिचित होने का अवसर मिलता है।
मंदिर में की पूजा-अर्चना..
जिला महामंत्री एवं यात्रा प्रभारी रामेश्वर चौधरी ने बताया कि संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित यह अभियान विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक समरसता और एकता का संदेश पहुंचा रहा है। दमोह में यात्रा के पहुंचने पर हुए स्वागत से अभियान को और व्यापकता मिली।
कार्यक्रम में यात्रा की प्रस्तावना अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र अहिरवार ने रखी, जबकि संचालन जिला महामंत्री रामेश्वर चौधरी और आभार डीके रोहित ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री महेश पटेल, अरुण तिवारी, जिला उपाध्यक्ष संजय सेन, राघवेंद्र सिंह परिहार, अमित बजाज, संजय यादव, मनीष तिवारी, जिला मंत्री भरत यादव, जिला कोषाध्यक्ष सुरेश पटेल, सह कोषाध्यक्ष कुसुम खरे, जिला कार्यालय मंत्री देवकीनंदन पटेल, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र चौरसिया, सुरेंद्र सिंह तोमर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वर्षा रैकवार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।
सभी ने संत रविदास मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और समाज में सुख-शांति, सद्भाव एवं समरसता की कामना की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने संत रविदास महाराज के जयकारे लगाए और कलश यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।


More Stories
जबेरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूट की वारदात का खुलासा; तीन आरोपी गिरफ्तार..
तहसील, जनपद और गांवों तक पहुंचेगा तिरंगा अभियान, 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा..
पथरिया विधानसभा के चार सरकारी स्कूलों में शुरू होगा कृषि संकाय, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी..