स्कूल में अधूरे मरम्मत कार्य पर एसडीएम नाराज, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सीएचओ को नोटिस के निर्देश..

Spread the love

स्कूल में अधूरे मरम्मत कार्य पर एसडीएम नाराज, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सीएचओ को नोटिस के निर्देश..

दमोह। हटा एसडीएम राकेश मरकाम ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट उमेश तिवारी के साथ पटेरा ब्लॉक के विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने जमुनिया गांव पहुंचकर प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से चर्चा कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जमुनिया प्राथमिक स्कूल में डीएमएफ मद से कराया गया मरम्मत कार्य निरीक्षण के दौरान अधूरा पाया गया। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश जनपद पंचायत सीईओ पटेरा को दिए।

इसके बाद अधिकारियों ने खेरी रामकिशुन गांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनुपस्थित मिलीं, जबकि केंद्र में मौजूद सहायिका कोई रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सकी। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

टीकाकरण सत्र में भी मिली अनियमितता..

निरीक्षण के दौरान टीकाकरण सत्र का भी जायजा लिया गया। इस दौरान सीएचओ सरोज कुर्मी द्वारा सही ड्यू लिस्ट तैयार नहीं किए जाने और अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर एसडीएम ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संबंधित सीएचओ को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासकीय संस्थानों में व्यवस्थाएं बेहतर रहें और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

About The Author