नए आपराधिक कानूनों की बारीकियों से रूबरू हुए पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, दो दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स का समापन..
दमोह। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और पुलिस कार्रवाई में एकरूपता लाने के उद्देश्य से पुलिस कंट्रोल रूम दमोह में आयोजित दो दिवसीय विशेष रिफ्रेशर कोर्स का शनिवार को समापन हुआ। समापन कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक दमोह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न थानों एवं चौकियों से करीब 40 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रावधानों और उनके व्यावहारिक उपयोग की विस्तार से जानकारी दी गई। विशेष रूप से विवेचना की प्रक्रिया, डिजिटल साक्ष्य का संकलन, ई-साक्ष्य की प्रक्रिया, जब्ती, गिरफ्तारी तथा न्यायालयीन कार्यवाही से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए आपराधिक कानूनों की प्रक्रियाओं से पूरी तरह परिचित कराना रहा, ताकि अपराधों की विवेचना में तकनीकी एवं कानूनी त्रुटियों को कम किया जा सके और प्रकरणों का निराकरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रभावी ढंग से किया जा सके।
समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को नए कानूनों की मूल भावना के अनुरूप कार्य करने, विवेचना में पारदर्शिता बनाए रखने तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पुलिसकर्मियों का प्रक्रियात्मक रूप से दक्ष होना आवश्यक है।
दो दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिसकर्मियों को बदलती आपराधिक न्याय व्यवस्था के अनुरूप कार्य करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक जानकारी और दिशा-निर्देश प्राप्त हुए।


More Stories
पार्थिव शिवलिंग निर्माण आयोजन का हुआ ध्वजारोहण, तीन दिन होगी भगवान शिव की आराधना..
30 वर्षों के विकास को ध्यान में रखकर बनाई जा रही योजनाएं—राज्यमंत्री लखन पटेल..
स्कूल तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन, हटा-पटेरा मार्ग पर लगाया जाम..