स्कूल तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन, हटा-पटेरा मार्ग पर लगाया जाम..
पटेरा। स्कूल तक पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर पटेरा ब्लॉक के मझगुआ पतोल हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को सड़क पर प्रदर्शन कर दिया। सैकड़ों विद्यार्थियों ने स्कूल पहुंचने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति के विरोध में अपनी साइकिलें सड़क पर खड़ी कर हटा-पटेरा मार्ग पर जाम लगा दिया।
बरसते पानी के बीच छात्राएं हाथों में तख्तियां लेकर सड़क पर बैठीं और सड़क निर्माण की मांग को लेकर नारेबाजी की। विद्यार्थियों के प्रदर्शन के कारण हटा-पटेरा मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल पहुंचने को मजबूर विद्यार्थी..
विद्यार्थियों का कहना है कि मुख्य मार्ग से हाईस्कूल भवन तक पहुंचने वाला रास्ता लंबे समय से खराब है। बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने के कारण विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार फिसलकर विद्यार्थी गिर भी जाते हैं। विद्यार्थियों ने स्कूल तक पक्की सड़क निर्माण की मांग प्रशासन के सामने रखी।
तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण..
छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन और मार्ग जाम की सूचना मिलने पर तहसीलदार उमेश तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से चर्चा कर उनकी समस्या सुनी। इसके बाद तहसीलदार विद्यार्थियों के साथ पैदल ही स्कूल तक जाने वाले कीचड़ भरे रास्ते पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया।
तहसीलदार ने विद्यार्थियों को रास्ते की स्थिति में सुधार और मरम्मत कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद विद्यार्थियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।


More Stories
पार्थिव शिवलिंग निर्माण आयोजन का हुआ ध्वजारोहण, तीन दिन होगी भगवान शिव की आराधना..
30 वर्षों के विकास को ध्यान में रखकर बनाई जा रही योजनाएं—राज्यमंत्री लखन पटेल..
नए आपराधिक कानूनों की बारीकियों से रूबरू हुए पुलिसकर्मी, दो दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स का समापन..