30 वर्षों के विकास को ध्यान में रखकर बनाई जा रही योजनाएं—राज्यमंत्री लखन पटेल..
बोतराई स्कूल में हायर सेकेंडरी कक्षाएं शुरू कराने की तैयारी, माइसेम सीमेंट के सहयोग से बने तीन कक्षों का लोकार्पण..
दमोह। पथरिया विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर आगामी 30 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार की जा रही हैं। क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ विकास कार्यों को गति दी जा रही है। यह बात प्रदेश के आनंद विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने माध्यमिक शाला बोतराई में माइसेम सीमेंट के सहयोग से निर्मित तीन कक्षों के लोकार्पण अवसर पर कही।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि माइसेम सीमेंट ने स्कूल में तीन कमरे बनाकर देने का वादा किया था, जिसे कंपनी ने पूरा कर दिया है। अब कंपनी द्वारा तीन और कमरे बनाने पर भी सहमति दी गई है। उन्होंने कहा कि बोतराई विद्यालय को हायर सेकेंडरी स्कूल का दर्जा दिलाने के संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग से चर्चा की गई है। विभाग की ओर से पर्याप्त कक्ष उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई गई थी। इसके बाद माइसेम सीमेंट के अधिकारियों से अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए अनुरोध किया गया, जिस पर कंपनी ने तत्काल सहमति प्रदान की।
उन्होंने विश्वास जताया कि हायर सेकेंडरी स्कूलों की सूची जारी होते ही बोतराई में भी हायर सेकेंडरी कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। इससे आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को उच्च माध्यमिक शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
क्षेत्र के विकास में माइसेम सीमेंट की सहभागिता..
राज्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास में माइसेम सीमेंट द्वारा लगातार किए जा रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना उपलब्ध कराने की पहल सराहनीय है। स्कूल प्रशासन द्वारा शेड निर्माण की मांग भी रखी गई है, जिसके लिए हरसंभव प्रयास कर व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया गया।
पथरिया को 30 बिस्तरीय अस्पताल की मिली स्वीकृति..
राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा कि पथरिया के लिए 13 अगस्त को 30 बिस्तरीय अस्पताल की प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है। इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि पथरिया में लगभग 50 एकड़ भूमि पर नई कृषि मंडी स्थापित करने के लिए कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना से अनुरोध किया गया है। कृषि मंत्री ने भूमि की स्वीकृति मिलते ही नई मंडी की स्वीकृति प्रदान करने का आश्वासन दिया है।
30 साल आगे की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास..
राज्यमंत्री ने कहा कि विकास योजनाएं केवल वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि आगामी 30 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नई कृषि मंडी बनने के बाद वर्तमान मंडी की भूमि का उपयोग स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्यों के लिए किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास की गति को और तेज करना तथा पथरिया विधानसभा क्षेत्र का समग्र एवं सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


More Stories
पार्थिव शिवलिंग निर्माण आयोजन का हुआ ध्वजारोहण, तीन दिन होगी भगवान शिव की आराधना..
स्कूल तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन, हटा-पटेरा मार्ग पर लगाया जाम..
नए आपराधिक कानूनों की बारीकियों से रूबरू हुए पुलिसकर्मी, दो दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स का समापन..