विकास कार्यों का ब्यौरा देकर बोले जयंत मलैया, नगरपालिका में भाजपा बनाएगी सरकार..

Spread the love


विकास कार्यों का ब्यौरा देकर बोले जयंत मलैया, नगरपालिका में भाजपा बनाएगी सरकार..


दमोह। पूर्व मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत मलैया ने अपने निज निवास पर आयोजित पत्रकार मिलन समारोह में दमोह विधानसभा क्षेत्र में कराए गए और स्वीकृत विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने आगामी नगरपालिका चुनाव में भाजपा की सरकार बनने का दावा भी किया।


पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष रामकृष्ण कुसमरिया, जिला महामंत्री महेश पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष विद्यासागर पांडेय, हेमंत छाबड़ा, प्रीतम सिंह लोधी, वरिष्ठ नेता अखिलेश हजारी, रमन खत्री, जिला उपाध्यक्ष मनीष तिवारी, पार्षद कपिल सोनी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वर्षा रैकवार, जिला मीडिया प्रभारी प्रिंस जैन सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


नगरपालिका में भाजपा की सरकार बनाने का दावा..


आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर विधायक जयंत मलैया ने कहा कि चुनाव जनता के मतदान से होना है और भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा चुनाव जीतकर नगरपालिका में अपनी सरकार बनाएगी।


भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में दमोह में विकास कार्यों को लगातार गति मिली है। विधायक जयंत मलैया ने क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अधोसंरचना के क्षेत्र में हुए कार्य इसका प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि आगामी नगरपालिका चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच जाएंगे और उन्हें विश्वास है कि जनता के आशीर्वाद से नगरपालिका में भाजपा की सरकार बनेगी।


नगरीय क्षेत्र में करीब 10 करोड़ के कार्य..


विधायक मलैया ने मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद के तहत नगरीय क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का ब्यौरा देते हुए बताया कि वर्ष 2024-25 में 22 कार्यों पर 4.76 करोड़ रुपये तथा वर्ष 2025-26 में 26 कार्यों पर 4.99 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इस तरह दो वर्षों में 48 कार्यों पर करीब 9.76 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में नगरीय क्षेत्र के 13 कार्यों के लिए करीब 8.85 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इसके अलावा विधायक निधि से तीन वर्षों में 129 कार्यों पर करीब 2.76 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं।


ग्रामीण क्षेत्रों में भी करोड़ों के विकास कार्य..


ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद के तहत वर्ष 2024-25 और 2025-26 में कुल 109 कार्यों पर करीब 12.74 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं वर्ष 2026-27 में 35 कार्यों के लिए करीब 6.37 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। ग्रामीण क्षेत्र में विधायक निधि से तीन वर्षों के दौरान 159 कार्यों पर करीब 3.09 करोड़ रुपये के कार्य कराए गए हैं।


सड़क, पेयजल और सीवर लाइन पर जोर..


मलैया ने बताया कि शहर में प्रमुख सड़कों एवं चौराहों के सौंदर्यीकरण के साथ अमृत 2.0 योजना के तहत तीन तालाबों के सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। शहर में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति के लिए सेकंड राइजिंग लाइन तथा सीवर लाइन योजना पर भी काम किया गया है।


उन्होंने बताया कि दमोह बायपास के सात प्रमुख चौराहों पर 120 लाइट एवं 7 हाईमास्ट लाइट लगाए जाने का कार्य किया गया है।


स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की जानकारी..


स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए विधायक ने बताया कि क्षेत्र में दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं पांच उपस्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक सेंटर का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने जिला चिकित्सालय दमोह को वर्तमान 300 बिस्तरीय क्षमता से बढ़ाकर 600 बिस्तरीय अस्पताल में उन्नयन कराने के लिए प्रतिबद्धता जताई।


46 नए आंगनबाड़ी भवन स्वीकृत..


महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत पिछले दो वर्षों में 46 नवीन आंगनबाड़ी भवनों की स्वीकृति दी गई है। इन भवनों के निर्माण पर करीब 5.15 करोड़ रुपये की लागत आएगी।


दमोह विधानसभा में 75 सड़कें स्वीकृत..


विधायक ने दमोह विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वीकृत सड़कों का भी ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कुल 75 सड़कें स्वीकृत हुई हैं। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की 42, मुख्यमंत्री मजरा टोला सड़क योजना की 19, लोक निर्माण विभाग की 5 तथा मुख्यमंत्री अधोसंरचना के चतुर्थ चरण के तहत 9 सड़कें शामिल हैं।


जयंत मलैया ने कहा कि दमोह विधानसभा क्षेत्र के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। विभिन्न विभागों के माध्यम से स्वीकृत और चल रहे कार्यों से क्षेत्र में अधोसंरचना मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि विकास की यह प्रक्रिया आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

About The Author