श्रीजी के विमान के साथ धूमधाम से निकली भरत चक्रवर्ती की दिग्विजय यात्रा..
दमोह। सकल जैन समाज के तत्वावधान में शनिवार को श्रीजी के विमान के साथ भरत चक्रवर्ती की भव्य दिग्विजय यात्रा धूमधाम और धार्मिक उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा में आर्यिका रत्न चिंतनमति माताजी सहित संघ का सानिध्य प्राप्त हुआ। बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए।
नगर के श्री पारसनाथ दिगंबर जैन नन्हे मंदिर जी में आयोजित 16 दिवसीय श्री शांतिनाथ महामंडल विधान के समापन अवसर पर त्रिमूर्ति जिनालय परिसर स्थित समवशरण में विराजमान 12 जिन बिंबों का अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। इसके बाद देव-शास्त्र-गुरु पूजन, शांतिनाथ पूजन, सोलह कारण पूजन, जिनवाणी पूजन एवं आचार्यश्री पूजन किया गया।
इसके पश्चात ब्रह्मचारी स्वतंत्र भैया, रोहित भैया एवं अभिषेक भैया के निर्देशन में विश्व शांति महायज्ञ संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद आर्यिका रत्न चिंतनमति जी, सारमती जी एवं जागृतमति माताजी के ससंघ सानिध्य में भरत चक्रवर्ती की दिग्विजय यात्रा प्रारंभ हुई।
यात्रा में सबसे आगे आकर्षक रथ पर भरत चक्रवर्ती के रूप में दीपक जी-नम्रता जी फुटेरा परिवार तथा सौधर्म इंद्र मनीषा-राजेंद्र अटल परिवार सवार रहे। दूसरे रथ पर सौधर्म इंद्र रूपचंद जी-नवीन निराला परिवार तथा तीसरे रथ पर सौधर्म इंद्र प्रभजन, ब्रह्मचारी नीलू दीदी एवं स्वतंत्र भैया परिवार सवार रहे। इसके पीछे चांदी के विमान में विराजमान श्रीजी को श्रावकजन हाथों से खींचते हुए चल रहे थे। बैंड-डीजे की धार्मिक धुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शोभायात्रा सिटीनल से प्रारंभ होकर पुराना थाना, टॉकीज, घंटाघर, नया बाजार होते हुए जैन धर्मशाला पहुंची और कार्यक्रम स्थल पर संपन्न हुई। यहां श्रीजी का अभिषेक किया गया। इसके बाद आर्यिका श्री चिंतनमति माताजी के मंगल प्रवचन हुए, जिसमें उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म, संयम और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्मचारी स्वतंत्र भैया का मंदिर कमेटी द्वारा सम्मान किया गया। आयोजन में जैन पंचायत अध्यक्ष सुधीर सिंघई, कुंडलपुर कमेटी के पूर्व अध्यक्ष संतोष सिंघई, महेश दिगंबर, अभय बनगांव, नवीन निराला, राजकुमार खजरी, राजेश हिनौती, मनीष बजाज, रीतेश गांगरा शीशम वाले, जितू मलैया, मनीष आउट लुक, नीतेश दाल सहित नवकार महिला मंडल एवं बड़ी संख्या में सकल जैन समाज के श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।


More Stories
हाईकोर्ट की सख्ती: सागर DIG और दमोह SP के खिलाफ 100-100 रुपए का जमानती वारंट..
नरसिंहगढ़ में 50 लाख की लागत से बनेगा शादी घर, भूमिपूजन संपन्न..
बारिश में भी नहीं थमा बहनों का प्यार, जेल पहुंचकर भाइयों की कलाई पर बांधी राखी..