बारिश के बीच जेल पहुंचीं बहनें, कैदी भाइयों की कलाई पर बांधी राखी..
दमोह। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को दमोह जिला जेल में भाई-बहन के प्रेम और भावनाओं का मार्मिक दृश्य देखने को मिला। सुबह से हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में बहनें अपने कैदी भाइयों से मिलने जिला जेल पहुंचीं। बारिश में भीगते हुए पहुंचीं बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राखी बांधने के दौरान कई बहनों की आंखें नम हो गईं। लंबे समय बाद भाई से मिलकर कुछ बहनें भावुक हो गईं और भाई-बहन एक-दूसरे से गले लगकर रो पड़े। बहनों ने भाइयों को समझाइश देते हुए भविष्य में किसी भी तरह की गलती नहीं करने का वचन लिया। उन्होंने कहा कि चिंता मत करना और जेल से बाहर आने के बाद बेहतर जीवन की शुरुआत करना।
वहीं कैदी भाइयों ने भी अपनी बहनों से बेहतर जीवन जीने और दोबारा किसी अपराध में शामिल नहीं होने का वचन दिया।
जेल प्रशासन की गाइडलाइन के अनुसार मुलाकात के दौरान अंदर केवल 250 ग्राम मिठाई, राखी और रुमाल ले जाने की अनुमति दी गई। कई बहनें अपने भाइयों के लिए वस्त्र भी लेकर पहुंचीं। वहीं जेल में बंद कुछ महिला कैदियों से मिलने उनके भाई भी पहुंचे और उन्होंने अपनी बहनों की कलाई पर राखी बांधी।
रक्षाबंधन को देखते हुए जेल प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। उप जेल अधीक्षक एम.एल. पटेल के नेतृत्व में जेल निरीक्षक रोहित सिंह सहित जेल स्टाफ ने व्यवस्थाएं संभालीं। कैदियों के लिए विशेष भोज और मिठाई की व्यवस्था की गई। लगातार बारिश को देखते हुए जेल के बाहर परिजनों के लिए टेंट और पेयजल की व्यवस्था भी की गई।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। जेल पहुंचने वाले सभी परिजनों का रिकॉर्ड दर्ज किया गया और निर्धारित प्रक्रिया के बाद ही मुलाकात की अनुमति दी गई। बारिश के बीच भी बहनों का उत्साह कम नहीं हुआ और 200 से अधिक बहनों ने अपने कैदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधी।
रक्षाबंधन के इस अवसर पर जेल परिसर में भावनाओं का ऐसा संगम देखने को मिला, जहां एक ओर भाई-बहन के मिलन की खुशी थी तो दूसरी ओर अपनों से दूर रहने का दर्द भी साफ नजर आया।


More Stories
हाईकोर्ट की सख्ती: सागर DIG और दमोह SP के खिलाफ 100-100 रुपए का जमानती वारंट..
नरसिंहगढ़ में 50 लाख की लागत से बनेगा शादी घर, भूमिपूजन संपन्न..
श्रीजी के विमान के साथ धूमधाम से निकली भरत चक्रवर्ती की दिग्विजय यात्रा..