नरसिंहगढ़ में 50 लाख की लागत से बनेगा शादी घर, भूमिपूजन संपन्न..
6 हजार वर्गफीट में होगा निर्माण, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह आयोजन के लिए मिलेगी सुविधा..
दमोह। नरसिंहगढ़ में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 50 लाख रुपए की लागत से सार्वजनिक शादी घर का निर्माण किया जाएगा। शनिवार को आनंद विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल ने प्रस्तावित शादी घर का भूमिपूजन किया।
प्रस्तावित भवन करीब 6 हजार वर्गफीट क्षेत्र में बनाया जाएगा। इसमें बड़ा हॉल सहित आवश्यक कमरों का निर्माण किया जाएगा। भवन का उपयोग विवाह समारोह के साथ-साथ सामाजिक बैठकें, बड़े सामुदायिक कार्यक्रम और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के लिए भी किया जा सकेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा कि नरसिंहगढ़ एक बड़ा केंद्र है, लेकिन यहां बड़े सामाजिक कार्यक्रमों और बैठकों के लिए पर्याप्त सार्वजनिक स्थान उपलब्ध नहीं था। प्रस्तावित शादी घर के निर्माण से इस कमी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार निजी शादी घर या गार्डन का खर्च वहन नहीं कर पाते, ऐसे परिवार इस भवन में अपने पारिवारिक आयोजन सुविधापूर्वक कर सकेंगे।
आने वाली पीढ़ी के लिए सुविधाएं विकसित करने पर दिया जोर..
राज्यमंत्री ने ग्रामीणों से विकास और सार्वजनिक सुविधाओं को लेकर सामूहिक रूप से विचार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को यह सोचना होगा कि वह आने वाली पीढ़ी के लिए क्या छोड़कर जा रही है। गांव के जागरूक और समझदार लोगों को एक साथ बैठकर भविष्य की जरूरतों और विकास की दिशा तय करनी चाहिए।
उन्होंने गांवों में सार्वजनिक रास्तों पर बढ़ते अतिक्रमण और अवैध निर्माण की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर रास्तों के बीच चबूतरे या अन्य निर्माण कर दिए जाते हैं, जिससे आवागमन प्रभावित होता है। जहां पहले दो वाहन आसानी से निकल जाते थे, वहां अब एक वाहन निकलने में भी परेशानी होती है। उन्होंने सार्वजनिक मार्गों को सुगम और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने की आवश्यकता बताई।


More Stories
कुसमी मानगढ़ में आदिवासी जमीन का मुद्दा गरमाया, कांग्रेस ने SDM को सौंपा ज्ञापन..
त्योहारों से पहले दमोह पुलिस अलर्ट, गुंडा-बदमाशों की कराई परेड, लाल नोटिस देकर दी कड़ी चेतावनी..
सनातन हिंदू एकता रथयात्रा में जेबकटी करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार, 15 लाख की इनोवा जब्त..