शादी के नाम पर 4.10 लाख की ठगी का आरोप, लुटेरी दुल्हन समेत तीन गिरफ्तार..

Spread the love


शादी के नाम पर 4.10 लाख की ठगी का आरोप, लुटेरी दुल्हन समेत तीन गिरफ्तार..


दमोह देहात पुलिस की कार्रवाई, तीन मोबाइल और 7,700 रुपए नकद बरामद..


दमोह। शादी के नाम पर धोखाधड़ी कर रुपए और जेवर हड़पने के मामले में दमोह देहात थाना पुलिस ने कथित लुटेरी दुल्हन समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और 7,700 रुपए नकद बरामद किए हैं। मामले में एक आरोपी पूर्व से ही पन्ना जेल में बंद है।


पुलिस के अनुसार बांसा तारखेड़ा निवासी दिनेश पिता रामकौशल विश्वकर्मा, उम्र 38 वर्ष ने दमोह देहात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव की नर्मदा पटैल के माध्यम से उसकी शादी खुशबू राजपूत निवासी रांझी, जिला जबलपुर से 20 अप्रैल 2026 को रानगिर मंदिर में कराई गई थी। शादी के एवज में खुशबू राजपूत को 1 लाख 70 हजार रुपए नकद और करीब 2 लाख 40 हजार रुपए के जेवर दिए गए थे।


शिकायत के मुताबिक शादी के तीन दिन बाद 23 अप्रैल को मालती पटैल निवासी कनेरा, थाना जैसीनगर, जिला सागर दुल्हन खुशबू राजपूत की बड़ी बहन बनकर बांसा तारखेड़ा पहुंची। मालती ने कुछ दिन बाद खुशबू को वापस भेजने की बात कही और उसे अपने साथ जबलपुर ले गई। इसके बाद खुशबू ने दिनेश से संपर्क नहीं किया।


मामले में पुलिस ने नर्मदा पटैल, नीरज उर्फ धीरज पटैल, मालती पटैल और खुशबू राजपूत के खिलाफ शादी के नाम पर धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में अपराध क्रमांक 306/26 दर्ज कर जांच शुरू की।


पूछताछ में सामने आई कथित धोखाधड़ी की कहानी..


विवेचना के दौरान पुलिस ने 28 अगस्त 2026 को नर्मदा पटैल निवासी बांसा तारखेड़ा और मालती पटैल निवासी कनेरा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में मालती पटैल ने अपने पति नीरज उर्फ धीरज पटैल के साथ मिलकर शादी के नाम पर धोखाधड़ी कर रुपए कमाने की बात बताई।


पुलिस के मुताबिक नीरज उर्फ धीरज पटैल के खिलाफ अमानगंज, जिला पन्ना में भी लुटेरी दुल्हन से संबंधित अपराध दर्ज है और वह वर्तमान में पन्ना जेल में बंद है।


पुलिस ने बताया कि आरोपी मालती पटैल के मोबाइल फोन की जांच में कई लड़कियों के कूटरचित आधार कार्ड भी मिले हैं। नर्मदा पटैल और मालती पटैल को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जिला जेल दमोह भेज दिया गया।


लुटेरी दुल्हन खुशबू राजपूत भी जबलपुर से गिरफ्तार..


मामले में फरार चल रही खुशबू राजपूत निवासी रांझी, जबलपुर को दमोह देहात पुलिस ने 31 अगस्त 2026 को रांझी, जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार घटना के बाद खुशबू राजपूत ने कोटा, राजस्थान में भी दूसरी शादी कर ली थी। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


इन धाराओं में दर्ज है मामला..


पुलिस के अनुसार मामले में धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 336(3), 340(2) एवं 3(5) बीएनएस का इजाफा किया गया है।
ये हैं आरोपी
नर्मदा पटैल , नीरज उर्फ धीरज पटैल , मालती पटैल , खुशबू राजपूत


इनमें से नर्मदा पटैल, मालती पटैल और खुशबू राजपूत को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि नीरज उर्फ धीरज पटैल पन्ना जेल में बंद है।
पुलिस टीम की रही भूमिका


पूरी कार्रवाई में निरीक्षक धर्मेंद्र उपाध्याय, उप निरीक्षक विक्रम दांगी, प्रधान आरक्षक 541 रामकुमार, आरक्षक 208 अखलेश छारी, आरक्षक 283 योगेंद्र, आरक्षक 580 मनीष, महिला आरक्षक 880 रचना विश्वकर्मा, महिला सैनिक 218 गीता पटैल और सैनिक महफूज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 03 मोबाइल फोन और 7,700 रुपए नकद जब्त किए हैं। मामले में पुलिस द्वारा अन्य संभावित घटनाओं और आरोपियों के संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

About The Author