गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया मैंगनीज से भरा ट्रक, ड्राइवर के पैर फंसे
करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला
दमोह। चौकी सागरनाका क्षेत्र के बांसा तारखेड़ा में मंगलवार सुबह करीब 5 बजे एक ट्रक सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक के पैर वाहन में बुरी तरह फंस गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ टीम, एफआरबी वाहन और स्थानीय लोगों की मदद से करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायल चालक को एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक CG 04 PP 6177 रायपुर से मैंगनीज पत्थर भरकर लुधियाना, पंजाब जा रहा था। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे बांसा तारखेड़ा के पास सड़क पर अचानक गाय आ जाने के कारण चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक संदीप कुमार जघेला उम्र 40 वर्ष, निवासी मंडला के पैर ट्रक के अंदर फंस गए।
हेल्पर सुरक्षित बाहर निकला
हादसे के समय ट्रक में चालक के साथ हेल्पर सूरज प्रसाद जघेला उम्र 42 वर्ष, निवासी मंडला भी मौजूद था। दुर्घटना के बाद हेल्पर सुरक्षित रूप से ट्रक से बाहर निकल आया। उसने तत्काल घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सागरनाका उप निरीक्षक विक्रम दांगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए एफआरबी-03 वाहन और दमोह एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
क्रेन और जेसीबी की मदद से रेस्क्यू
ट्रक में चालक के पैर फंसे होने के कारण उसे निकालना चुनौतीपूर्ण था। पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने मौके पर मौजूद संसाधनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्थानीय निवासी एवं समाजसेवी ऋषिराज परिहार ने भी रेस्क्यू कार्य में सहयोग करते हुए क्रेन और जेसीबी की व्यवस्था में मदद की।
पुलिस, एसडीआरएफ टीम और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से लगातार प्रयास करते हुए ट्रक के क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाया और चालक को बाहर निकालने का रास्ता बनाया। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 8:40 बजे चालक संदीप कुमार जघेला को ट्रक से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इसके बाद घायल चालक को एंबुलेंस के माध्यम से तत्काल जिला चिकित्सालय दमोह भेजा गया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
समय पर पहुंची टीमों से बची चालक की जान
हादसे के बाद चालक के ट्रक में फंसने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई और रेस्क्यू टीमों को मौके पर बुलाया। पुलिस, एसडीआरएफ, एफआरबी टीम और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा रही। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए रेस्क्यू कार्य पूरा कराया।


More Stories
दमोह शहर के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, 2022 से लंबित कामों की तय हुई समय-सीमा..
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने किया जिला जेल का निरीक्षण, बंदियों से जानी समस्याएं..
बारिश में बिजली के खंभों और तारों से बनाएं दूरी, सावधानी बरतने की अपील..