ग्वाल बाबा मंदिर में हवन-पूजन के बाद निकली भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा..
भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में उतारने का दिया संदेश, अच्छी वर्षा और किसानों की समृद्धि की कामना..
दमोह। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर जिला यादव महासभा, दमोह द्वारा किल्लाई नाका स्थित ग्वाल बाबा मंदिर में हवन-पूजन एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के आनंद विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल, दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत मलैया, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव सहित यादव महासभा के पदाधिकारी, श्रद्धालु एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में विधि-विधान से हवन-पूजन कर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की गई। इसके बाद ग्वाल बाबा मंदिर से भव्य एवं दिव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा रवाना हुई। शोभायात्रा किल्लाई नाका से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, स्टेशन चौक, राय चौराहा, घंटाघर सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः ग्वाल बाबा मंदिर पहुंची, जहां शोभायात्रा का समापन किया गया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे। उनके आदर्शों एवं संदेशों से प्रेरणा लेकर समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने प्रदेश एवं जिलेवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने भगवान श्रीकृष्ण से अच्छी वर्षा और किसानों की अच्छी फसल की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जिले का अन्नदाता किसान समृद्धि की ओर बढ़े और दमोह विकास एवं समृद्धि के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने यादव महासभा द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली श्रीकृष्ण शोभायात्रा की सराहना करते हुए आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
सांसद ने कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर गांव-गांव और घर-घर भगवान श्रीकृष्ण का पूजन, मटकी फोड़ एवं बाल लीलाओं के आयोजन से वातावरण भक्तिमय हो जाता है। ग्वाल बाबा मंदिर में दर्शन एवं माथा टेकने को उन्होंने श्रद्धा और आस्था का विषय बताया।
विधायक जयंत मलैया ने सभी प्रदेशवासियों एवं जिलेवासियों को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा सभी पर बनी रहे और समृद्धि का दौर निरंतर बढ़ता रहे।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेम, करुणा और सेवा की प्रेरणा मिलती है। उनके जीवन दर्शन में मानवता, कर्तव्य और लोककल्याण की भावना निहित है। उन्होंने कहा कि सेवा को संस्कार और करुणा व प्रेम को अपने व्यवहार का हिस्सा बनाकर जरूरतमंदों की सहायता करना ही भगवान श्रीकृष्ण के संदेशों को सार्थक रूप से अपनाना है।
शोभायात्रा के दौरान प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली गई। मौके पर नायब तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी, धनीराम गौड़, राजस्व निरीक्षक अभिषेक जैन, गौरीशंकर, टीआई मनीष कुमार, टीआई यातायात दलबीर सिंह मार्को सहित पुलिस एवं यातायात बल मौजूद रहा। श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ शोभायात्रा में सहभागिता की और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए।


More Stories
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..
जन्मदिन की पार्टी नहीं देने पर अधिवक्ता को भेजा रजिस्टर्ड नोटिस, 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग..
गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया मैंगनीज से भरा ट्रक, ड्राइवर के पैर फंसे..