उद्योग विभाग के पीछे कच्ची शराब के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, जलती भट्ठियां मिलीं, बड़ी मात्रा में लहान नष्ट..

Spread the love


उद्योग विभाग के पीछे कच्ची शराब के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, जलती भट्ठियां मिलीं, बड़ी मात्रा में लहान नष्ट..


कोतवाली पुलिस ने तीन से चार टीम बनाकर अलग-अलग स्थानों पर की नाकाबंदी, घरों में तलाशी के दौरान मिली कच्ची शराब..


दमोह। शहर में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने और उसकी बिक्री किए जाने की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्योग विभाग के पीछे बताए गए क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने इलाके में एक साथ नाकाबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान मौके पर कच्ची शराब बनाने के लिए लगाई गई जलती हुई भट्ठियां मिलीं, जबकि आसपास की नालियों और अन्य स्थानों की छानबीन के दौरान बड़ी मात्रा में लहान बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने मौके पर नष्ट कर दिया।


पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों को कार्रवाई के लिए लगाया गया।


अलग-अलग टीमों ने की घेराबंदी..


पुलिस को सूचना मिली थी कि उद्योग विभाग के पीछे के क्षेत्र में कच्ची शराब का निर्माण किया जा रहा है और उसे अवैध रूप से बेचा भी जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी मनीष कुमार ने पुलिस की तीन से चार टीमें गठित कीं। सभी टीमों को अलग-अलग स्थानों पर भेजकर नाकाबंदी और दबिश की कार्रवाई की गई।


पुलिस के मौके पर पहुंचते ही अवैध शराब बनाने वालों में हड़कंप की स्थिति बन गई। तलाशी के दौरान कुछ स्थानों पर शराब बनाने के लिए भट्ठियां जलती हुई मिलीं। पुलिस टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भट्ठियों को बंद कराया और शराब बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री को नष्ट किया।


नालियों में छिपाकर रखा था लहान..


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी बारीकी से छानबीन की। इस दौरान गंदी नालियों एवं आसपास के स्थानों पर छिपाकर रखा गया लहान बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार करीब 8 से 10 डिब्बों में लहान मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि उससे दोबारा कच्ची शराब तैयार न की जा सके।


इसके अलावा कुछ घरों के अंदर भी तलाशी ली गई, जहां कच्ची शराब मिलने पर उसे भी नष्ट किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।


अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी..


कोतवाली पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से साफ है कि शहर में अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार करने और उसकी बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस द्वारा संदिग्ध स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही सूचना मिलने पर तत्काल दबिश देने की बात कही गई है।


थाना प्रभारी ने आमजन से की अपील..


थाना प्रभारी मनीष कुमार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में अवैध शराब बनाने, कच्ची शराब बेचने या इससे संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस का कहना है कि अवैध शराब का निर्माण और बिक्री न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे लोगों के स्वास्थ्य और सामाजिक व्यवस्था पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है। ऐसे में आमजन की सहभागिता से अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सकता है।

About The Author