दमोह से कामाख्या के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन, 460 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पर रवाना..

Spread the love

दमोह से कामाख्या के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन, 460 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पर रवाना..

राज्यमंत्री लोधी, सांसद लोधी, आयोग अध्यक्ष कुसमरिया व कलेक्टर यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना..

दमोह। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत सोमवार को दमोह से कामाख्या माता के दर्शन के लिए विशेष ट्रेन रवाना हुई। जिले से कुल 479 यात्रियों का पंजीयन हुआ था, जिनमें से 460 श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर रवाना हुए। ट्रेन को प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद राहुल सिंह लोधी, मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया एवं कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने तीर्थ यात्रियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए ट्रेन में अनुरक्षक दल तथा चिकित्सकीय दल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

वृद्ध माता-पिता की सेवा कर रही सरकार : लोधी..

राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार श्रवण कुमार की भावना के साथ वृद्ध माता-पिता की सेवा कर रही है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से बुजुर्ग श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने का कार्य किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि कामाख्या धाम काफी दूर होने के कारण अनेक लोग इच्छा होने के बावजूद वहां दर्शन नहीं कर पाते। दमोह से सीधे विशेष ट्रेन के माध्यम से श्रद्धालुओं को कामाख्या माता के दर्शन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने सभी यात्रियों को सुखद यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए माता कामाख्या से प्रदेशवासियों के सुखी, निरोगी एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।

तीर्थ दर्शन का अवसर मिलना सौभाग्य : सांसद..

सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार वृद्धजनों को तीर्थ दर्शन कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में दमोह से 460 श्रद्धालुओं को विशेष ट्रेन से कामाख्या धाम के लिए रवाना किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वृद्धजनों के लिए सरकार श्रवण कुमार की भूमिका निभा रही है। चारों धाम के दर्शन के बाद माता कामाख्या के दर्शन का अवसर मिलना श्रद्धालुओं के लिए सौभाग्य की बात है।

देशवासियों पर सुख-समृद्धि बरसाएं मां कामाख्या : कुसमरिया..

मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि मां कामाख्या देवी से प्रार्थना है कि वे पूरे देश पर आनंद और सुख-समृद्धि की वर्षा करें तथा देशवासियों की प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा करें। उन्होंने कहा कि लोगों में ईश्वर भक्ति और सद्भावना की भावना मजबूत हो और भारत की गरिमा निरंतर बढ़े, ऐसी कामना है।

बुजुर्गों के सपनों को मिल रही नई उड़ान : कलेक्टर..

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना बुजुर्ग श्रद्धालुओं के उन सपनों को पूरा करने का माध्यम बनी है, जिन्हें उन्होंने वर्षों से अपने मन में संजोकर रखा था। इन श्रद्धालुओं ने जीवनभर परिवार, समाज और राष्ट्र के दायित्वों का निर्वहन किया है। ऐसे में जीवन के आध्यात्मिक पक्ष को पूरा करने में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।उन्होंने कहा कि यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं से श्रद्धालु संतुष्ट और उत्साहित नजर आए। जिला प्रशासन की ओर से सभी यात्रियों को सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं।

श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पूरी कर 12 सितंबर को दमोह वापस लौटेंगे, जहां जिला प्रशासन द्वारा उनका पुनः स्वागत किया जाएगा।

About The Author

You may have missed