नशे में बस दौड़ा रहे दो चालक पकड़े गए, कोर्ट ने लगाया 20 हजार का जुर्माना..

Spread the love

नशे में बस चला रहे दो चालकों पर कार्रवाई, कोर्ट ने लगाया 20 हजार का जुर्माना..


दमोह। सड़क सुरक्षा और यात्रियों की जान की रक्षा को लेकर दमोह यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यातायात पुलिस ने नशे की हालत में यात्री बस चला रहे दो चालकों को पकड़ा। दोनों मामलों में न्यायालय ने 10-10 हजार रुपए का जुर्माना, कुल 20 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया है।


यातायात निरीक्षक आकांक्षा जोशी एवं स्टाफ द्वारा रात्रि में वाहन चेकिंग के दौरान यात्री बस क्रमांक MP-15-PA-1554 और MP-34-P-1166 को रोका गया। दोनों बस चालकों का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण करने पर शराब का सेवन कर वाहन चलाना पाया गया। पुलिस ने दोनों बसों को मौके पर जब्त कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने दोनों वाहनों के विरुद्ध 10-10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही दोनों चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जाने के लिए प्रकरण आरटीओ कार्यालय भेजा जा रहा है।


यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी चालक या वाहन संचालक को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author