युवा संगम रोजगार मेले में 182 युवक-युवतियों का चयन..
518 बेरोजगार आवेदकों ने कराया पंजीयन, रोजगार के साथ स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप की दी जानकारी..
दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देशानुसार मंगलवार को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय दमोह में युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। मेले में रोजगार की तलाश कर रहे जिले के युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मेले में शामिल होने के लिए ऑनलाइन 362 और ऑफलाइन 156 सहित कुल 518 बेरोजगार आवेदकों ने पंजीयन कराया। निजी क्षेत्र में रोजगार के लिए विभिन्न कंपनियों द्वारा साक्षात्कार लिया गया, जिसमें 182 युवक-युवतियों का प्राथमिक चयन किया गया।
चयनित अभ्यर्थियों में टाटा मोटर्स गुजरात से 28, श्रीराम पिस्टन एंड रिंग्स राजस्थान से 43, वर्धमान यार्न मंडीदीप भोपाल से 17, शिवफोर्ड ग्रुप पुणे से 16, मेनपावर ग्रुप सर्विसेस से 20, हैडलबर्ग मायसीम सीमेंट नरसिंहगढ़ दमोह से 30, पुखराज हेल्थकेयर जबलपुर से 12 और भारतीय जीवन बीमा निगम दमोह से 16 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया गया।
स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप की दी जानकारी..
युवा संगम मेले में जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र, मध्यप्रदेश डे ग्रामीण आजीविका मिशन, आदिम जाति कल्याण विभाग, पंचायत एवं कल्याण विभाग, श्रम विभाग तथा लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने उपस्थित आवेदकों को स्वरोजगार के अवसर, योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग की उमंग काउंसलर विधि गुप्ता द्वारा 36 आवेदकों की काउंसलिंग की गई। वहीं शासकीय आईटीआई दमोह द्वारा मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत 19, प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप के लिए 28 और पीएम इंटर्नशिप के लिए 5 आवेदकों का पंजीयन कराया गया।
कार्यक्रम में पंचायत एवं कल्याण विभाग की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आवेदकों, कंपनी प्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों और नशामुक्ति के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में शासकीय आईटीआई मारूतल दमोह के प्राचार्य देवेश श्रीवास्तव एवं जिला रोजगार अधिकारी विवेक सोनी ने सभी उपस्थितजनों और सहयोगी विभागों का आभार व्यक्त किया।


More Stories
ऑपरेशन के दौरान सचिन अग्रवाल की मौत पर उठे सवाल, कलेक्टर ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश..
सीएम हेल्पलाइन की 100 दिन से ज्यादा पुरानी शिकायतों पर कलेक्टर सख्त..
रॉयल दमयंती पैलेस अग्निकांड: दो मौतों के बाद होटल की फायर सेफ्टी पर गंभीर सवाल, परिजनों ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग..