दमोह में गोवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप, घंटाघर पर चक्काजाम..

Spread the love

दमोह में गोवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप, घंटाघर पर चक्काजाम..


हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन, हनुमान चालीसा का पाठ कर जताया आक्रोश; एक आरोपी गिरफ्तार, तीन संदिग्ध चिन्हित, अन्य की तलाश जारी..


दमोह। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह अलग-अलग स्थानों पर गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। बजरिया वार्ड नंबर-7 की कसाई मंडी और नूरी नगर-सीताबावरी क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने की जानकारी सामने आते ही गौ सेवक, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद सहित हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर आक्रोश बढ़ने के बाद कार्यकर्ताओं ने घंटाघर पर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते शहर के कई बाजार बंद हो गए और व्यापारी महासंघ ने भी बंद का समर्थन किया।


गौ सेवकों और हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने गौ हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से मामले में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का दावा था कि बरामद अवशेष एक गर्भवती गाय के हैं और उसका सिर तथा गर्भस्थ बछड़े के अवशेष अलग-अलग स्थानों पर फेंके गए। हालांकि, इन दावों की पुष्टि पुलिस की जांच और संबंधित चिकित्सकीय/फोरेंसिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।


सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची..


घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बजरिया चौकी प्रभारी राकेश पाठक सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अवशेष बरामद कर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर प्राप्त जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए मुखबिर तंत्र और अन्य माध्यमों की मदद ली जा रही है। घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और संदिग्ध वाहनों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।


एक आरोपी गिरफ्तार, तीन संदिग्ध चिन्हित..


सीएसपी एचआर पांडे के अनुसार पुलिस ने मामले में तीन संदिग्धों की पहचान की है, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को घटना में इस्तेमाल किए जाने वाले नीले रंग के ऑटो के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें रवाना की गई हैं।


पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और घटना में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


घंटाघर पर चक्काजाम, हनुमान चालीसा का पाठ..


घटना की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में गौ सेवक और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता घंटाघर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और घटना के विरोध में नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शहर में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस को क्षेत्र में निगरानी और रात्रि गश्त बढ़ानी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग रखी।


पैदल मार्च के दौरान कलेक्टर पहुंचे..


प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ता घंटाघर से पैदल मार्च करते हुए कसाई मंडी की ओर बढ़े। इसी दौरान मौके पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं और मामले में प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया।


कलेक्टर ने पुलिस अधिकारियों को घटना की गंभीरता से जांच करने तथा आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे चला चक्काजाम समाप्त हुआ और धीरे-धीरे यातायात सामान्य होने लगा।


बाजार रहा बंद..


घटना के विरोध में शहर ओर आस पास बाजारों में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। व्यापारी महासंघ ने भी बंद का समर्थन किया। प्रदर्शन और बाजार बंद होने के कारण शहर के मुख्य मार्गों पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई।


जांच के बाद स्पष्ट होगी पूरी तस्वीर..


फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर तीन संदिग्धों की पहचान किए जाने की जानकारी दी है। अन्य लोगों की तलाश जारी है। बरामद अवशेषों की जांच और घटनास्थल से जुटाए जा रहे साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। घटना को लेकर शहर में आक्रोश का माहौल है, वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए जांच के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

About The Author